सोने की सपाट शुरुआत, चांदी का दाम करीब आधा प्रतिशत बढ़ा
मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। सोने और चांदी की शुरुआत सोमवार को मिश्रित हुई। एक तरफ सोने करीब सपाट कारोबार कर रहा था,जबकि चांदी में करीब आधा प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही थी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 5 अगस्त 2026 के कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,47,378 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,47,135 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 9:52 पर यह 101 रुपए या 0.07 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 1,47,277 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
अब तक के कारोबार में सोने ने 1,47,135 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,47,509 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर बनाया था। यह दिखाता है कि कीमती धातु एक सीमित दायरे में कारोबार कर रही थी।
चांदी का 4 सितंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,37,410 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 1,017 रुपए या 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,36,393 रुपए प्रति किलो पर खुला। फिलहाल यह 1,267 रुपए या 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,36,143 रुपए प्रति किलो पर था।
अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,36,001 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,37,676 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ है।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी में तेजी देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,173.24 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 2.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 62.29 डॉलर प्रति औंस पर थी।
इसके अतिरिक्त, हाल ही में आई वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट में बताया गया कि 2026 की दूसरी छमाही में सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में रह सकती हैं, लेकिन अगर भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक जोखिम जैसे कारक बने रहते हैं, तो इसके ऊपर जाने की संभावना अधिक है।
रिपोर्ट में कहा गया कि सोने की कीमतें 2026 की जुलाई-दिसंबर अवधि में 4,100 डॉलर प्रति औंस (+-5) के आसपास रह सकती हैं।
सोने और चांदी में बीते एक वर्ष में बड़ी तेजी देखने को मिली है। इस दौरान सोना (डॉलर में) करीब 24 प्रतिशत और चांदी करीब 67 प्रतिशत का रिटर्न दे चुकी है।
--आईएएनएस
एबीएस