छत्रपति संभाजीनगर के अस्पताल के NICU में लगी आग, 9 नवजातों को सुरक्षित निकाला गया, फुटेज में देंखे सभी बच्चों की हालत ठीक
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक निजी अस्पताल के NICU (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) में आग लगने की घटना सामने आई। हादसे के समय वार्ड में 9 नवजात बच्चे भर्ती थे। अस्पताल प्रशासन ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया।यह घटना शहर के जालना रोड इलाके में स्थित एशियन अस्पताल में हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी नवजात या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
AC यूनिट से धुआं निकलने के बाद मची हलचल
अस्पताल संचालक डॉ. शोएब हाशमी के मुताबिक, अस्पताल के स्टाफ ने सबसे पहले एसी यूनिट से धुआं निकलते देखा था। इसके बाद बिना देर किए अस्पताल की टीम सक्रिय हुई और NICU में भर्ती सभी 9 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।डॉक्टर ने बताया कि सभी बच्चों को उनके परिजनों की सहमति से दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी नवजात सुरक्षित हैं।
अस्पताल प्रशासन ने तुरंत संभाली स्थिति
अस्पताल की टीम ने आग पर तुरंत काबू पा लिया। इसके बाद NICU और अस्पताल परिसर की सफाई कर दी गई। प्रशासन के अनुसार, अब अस्पताल में सामान्य रूप से कामकाज शुरू हो गया है।घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से निपटा जा सके।
10 दिन पहले अमरावती NICU में लगी थी भीषण आग
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में इससे करीब 10 दिन पहले अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 36 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। अमरावती हादसे के बाद राज्य सरकार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए थे। लगातार सामने आ रही NICU आग की घटनाओं के बाद अस्पतालों में फायर सेफ्टी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।