×

फीफा वर्ल्ड कप: स्पेन ने कटाया राउंड ऑफ 16 का टिकट, एकतरफा मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 3-0 से रौंदा

 

लॉस एंजिल्स, 3 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 का टिकट हासिल कर लिया है। राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में स्पेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराया।

स्पेन की ओर से इस मुकाबले में मिकेल ओयारजाबल ने दो गोल किए, जबकि पेड्रो पोरो के अपने देश के लिए पहला गोल किया। साल 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली जीत के बाद स्पेन की यह नॉकआउट मुकाबले में पहली जीत है। टीम का राउंड ऑफ 16 में सामना पुर्तगाल और क्रोएशिया मैच के विजेता से 7 जुलाई को होगा।

स्पेन ने मैच की शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। पहले ही मिनट में लामिन यामल ने गोल पर जोरदार शॉट लगााकर टीम के इरादे साफ कर दिए। स्पेन ने अपने दमदार खेल के बूते लगातार ऑस्ट्रिया के डिफेंस पर दबाव डाला। मार्क कुकुरेला को लगा कि उन्होंने कॉर्नर किक से स्पेन को मैच में बढ़त दिला दी है, लेकिन गोलकीपर अलेक्जेंडर श्लेगर पर फाउल के कारण गोल को रेफरी द्वारा अमान्य करार दे दिया गया।

मैच के 36वें मिनट में स्पेन को आखिरकार बढ़त मिली। कुकुरेला ने बाईं ओर से शानदार नीची क्रॉस दी, जिस पर मिकेल ओयारजाबल ने पहली ही कोशिश में गेंद को गोल पोस्ट के अंदर भेज दिया। यह इस टूर्नामेंट में उनका तीसरा गोल रहा। पहले हाफ के अंत तक स्पेन ने कई और मौके बनाए। एलेक्स बेना की फ्री-किक क्रॉसबार से टकरा गई, जबकि यामल के एक और शानदार शॉट को गोलकीपर श्लेगर ने बेहतरीन बचाव करते हुए रोक लिया।

ऑस्ट्रिया को पूरे मैच में बहुत कम मौके मिले। माइकल ग्रेगोरिश और बाद में मैदान पर आए सासा कलाजदजिक दोनों अच्छे मौकों का फायदा नहीं उठा सके। दूसरी ओर, स्पेन ने अपना दबदबा बनाए रखा। दूसरे हाफ में एलेक्स बेना के शानदार क्रॉस पर पेड्रो पोरो ने हेडर से गोल करके टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद डेविड अलाबा ने यामल के एक शॉट को गोल लाइन पर रोक दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद ओयारजाबल ने कुकुरेला की एक और शानदार क्रॉस पर अपना दूसरा गोल करके स्पेन की जीत लगभग तय कर दी।

गोलकीपर उनाई साइमन ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी गोल नहीं होने दिया। यह वर्ल्ड कप में लगातार उनका पांचवां क्लीन शीट मैच रहा, जिससे उन्होंने 1990 में इटली के गोलकीपर वाल्टर जेंगा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके साथ ही साइमन ने वर्ल्ड कप में बिना गोल खाए लगातार 519 मिनट खेलने का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। उन्होंने जेंगा के 517 मिनट के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रचा।

--आईएएनएस

एसएम/एएस