×

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नाम जुड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि, सबसे ज्यादा गोल का बना नया रिकॉर्ड

 

कैलिफोर्निया, 26 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नाम शुक्रवार को दो ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई है। विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा गोल होने का रिकॉर्ड फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बन गया है।

यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड ग्रुप डी में अमेरिका और तुर्किये के बीच खेले गए मुकाबले में बना। अमेरिका के डिफेंडर ऑस्टिन ट्रस्टी ने मैच की शुरुआत में गोल कर टूर्नामेंट का 173वां गोल दागा। इसके साथ ही 2022 में हुए कतर वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड टूट गया, जहां पूरे टूर्नामेंट के 64 मैचों में कुल 172 गोल लगे। खास बात यह है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में यह रिकॉर्ड सिर्फ 59 मैचों में बना है। इस मुकाबले में 4 और गोल हुए। तुर्किये ने शानदार वापसी करते हुए अमेरिका को 3-2 से हराया और टूर्नामेंट में कुल गोलों की संख्या 177 तक पहुंच गई।

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इतने कम मैचों में नया रिकॉर्ड बनना इस बात का सबूत है कि इस बार टूर्नामेंट में आक्रामक फुटबॉल देखने को मिल रही है। खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन और लगातार हो रहे गोल इस वर्ल्ड कप को यादगार बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अभी नॉकआउट चरण के कई मुकाबले बाकी हैं, इसलिए गोलों की संख्या और बढ़ेगी। इस बार वर्ल्ड कप पहले से बड़ा है, क्योंकि टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 कर दी गई है। इसी वजह से कुल मैचों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो गई है, जिससे रिकॉर्ड बनने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।

सिर्फ गोल ही नहीं, दर्शकों के मामले में भी इस वर्ल्ड कप ने नया इतिहास रचा है। अब तक 36 लाख 5 हजार 357 से ज्यादा लोग स्टेडियम पहुंचकर विश्व कप के मुकाबलों का लुत्फ उठा चुके हैं। यह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी टूर्नामेंट के इस चरण तक का सबसे बड़ा दर्शक आंकड़ा है।

इससे पहले सबसे ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी का रिकॉर्ड 1994 वर्ल्ड कप में बना था। उस विश्व कप में ग्रुप चरण के अंत तक करीब 35 लाख लोग स्टेडियम पहुंचे थे। हालांकि, फीफा वर्ल्ड कप 2026 ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इन्फेंटिनो ने कहा कि दुनिया भर से बड़ी संख्या में फैंस का स्टेडियम में आना फुटबॉल के प्रति लोगों के प्यार को दिखाता है। उन्होंने सभी दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि 16 मेजबान शहरों का माहौल शानदार रहा है और यह टूर्नामेंट लोगों को एक साथ जोड़ने का काम कर रहा है।

उन्होंने भरोसा जताया कि अभी टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक दौर बाकी है और आने वाले दिनों में कई नए रिकॉर्ड बन सकते हैं। उनके अनुसार सबसे जरूरी बात यह है कि दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसक इस आयोजन का आनंद लें और ऐसी यादें लेकर जाएं जिन्हें वे जीवनभर याद रखें।

टूर्नामेंट के दौरान एक और बड़ा रिकॉर्ड 17 जून को बना था। उस दिन खेले गए चार ग्रुप मुकाबलों को देखने के लिए 2,81,223 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। यह किसी एक दिन में वर्ल्ड कप मैच देखने आने वाले दर्शकों का नया रिकॉर्ड रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1994 वर्ल्ड कप में बना था, जब एक दिन में चार मैचों को देखने 2,77,070 लोग पहुंचे थे।

--आईएएनएस

एसएम/एएस