×

बाड़मेर में ज़मीन मुआवज़े को लेकर किसानों का आंदोलन तेज, महिला किसानों और पुलिस में झड़प, NH-25 जाम

 

राजस्थान के बाड़मेर जिले में ज़मीन मुआवज़े की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन मंगलवार को उग्र रूप लेता नजर आया। प्रशासन द्वारा प्रदर्शन रोकने की कोशिश के दौरान महिला किसानों और महिला पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

जानकारी के अनुसार, किसान लंबे समय से अधिग्रहित ज़मीन के बदले एकसमान और उचित मुआवज़े की मांग कर रहे हैं। जब प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया तो आक्रोशित महिला किसानों ने विरोध तेज कर दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की और बहस की घटनाएं सामने आईं।

स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं किसान बायतु टोल बूथ पर धरने पर बैठ गए हैं और नेशनल हाईवे-25 को आंशिक रूप से जाम कर दिया है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे धरना खत्म नहीं करेंगे। दूसरी ओर प्रशासन और स्थानीय अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल कोई समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा।