फरीदाबाद में फायरिंग से सनसनी, पड़ोसी ने गोली मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। फरीदाबाद से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पड़ोसी ने गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, फरीदाबाद के सेक्टर-21सी स्थित एक मल्टी स्टोरी मकान में पड़ोसी का पड़ोसी के साथ हुए विवाद में गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन वासी मकान नंबर 641 द्वित्तय तल, सेक्टर-21सी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अनुसार शौर्य निवासी सेक्टर-21सी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे उनके पड़ोसी मोहन शर्मा ने उनके फ्लोर की घंटी बजाई और उसके पिताजी परमजीत को गाड़ी हटाने के लिए नीचे बुलाया। शिकायतकर्ता भी अपने पिताजी के साथ नीचे आया, जहां पर मोहन शर्मा उसके पिताजी के साथ झगड़ा करने लगा और विवाद शुरू कर दिया।
इसी दौरान मोहन शर्मा ने पिस्टल निकालकर उसके पिता पर कई गोलियां चलाईं। शिकायतकर्ता पर भी आरोपित ने गोलियां चलाईं। हालांकि, उसने गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी अपनी गाड़ी से फरार हो गया। गोलियां लगने से उसके पिताजी की मृत्यु हो गई, जिसकी शिकायत पर थाना सूरजकुंड में हत्या, हत्या के प्रयास और षड्यंत्र की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई।
मामले को लेकर सूरजकुंड के एसएचओ पहलाद सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखाओं की टीमों को आरोपी की तलाश के लिए निर्देशित किया गया। अपराध शाखा सेक्टर 30 प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहन शर्मा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मकान नंबर 641 के द्वित्तय तल पर रहता है और मृतक परमजीत इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अपने परिवार सहित रहता था। उनका आपस में छोटी-छोटी बातों पर विवाद रहता था। 6 नवंबर को उसने परमजीत को गाड़ी हटाने के लिए नीचे पार्किंग में बुलाया, जहां पर उनकी कहासुनी हो गई, जिस पर उसने अपनी पस्टिल से परमजीत पर गोलियां चलाई, जिससे परमजीत की मृत्यु हो गई।
उसके बेटे को भी मारने के लिए भी उसने गोलियां चलाई थीं, लेकिन वह बच गया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाकर गहन पूछताछ की जाएगी तथा साक्ष्य एकत्रित किए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी