फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 15 करोड़ की कोकीन के साथ तीन विदेशी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 16 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 करोड़ रुपए की कोकीन के साथ तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह मामला दिल्ली बॉर्डर से सटे लक्कड़पुर इलाके का है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा और उनके पास से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की।
पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी नाइजीरिया और कैमरून के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये तीनों 2018 में भारत आए थे और पिछले लगभग तीन साल से फरीदाबाद के लक्कड़पुर इलाके में रह रहे थे। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि इलाके में विदेशी नागरिकों द्वारा बड़े स्तर पर नशे का कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापा मारा और तलाशी के दौरान 15 करोड़ रुपए की कीमत की कोकीन बरामद की।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह माल कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई चेन क्या थी, और फरीदाबाद-दिल्ली में इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।
जांच में पता चला है कि आरोपी कोकीन को छोटी-छोटी पैकिंग में दिल्ली और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे। इनकी गतिविधियां काफी समय से संदिग्ध थीं, लेकिन क्राइम ब्रांच की सतर्कता से यह बड़ा रैकेट पकड़ में आ गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि वे किस आधार पर इतने लंबे समय से भारत में रह रहे थे। 2018 में भारत आने के बाद उनका वीजा और पासपोर्ट की वैधता को लेकर भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने लक्कड़पुर और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की तो 9 और विदेशी नागरिकों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस अब उनके रिकॉर्ड और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि कहीं वे भी इस ड्रग नेटवर्क से तो जुड़े नहीं हैं।
फिलहाल, तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मानना है कि यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है और पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी