×

'फेक न्यूज' फैलाने वाली मीडिया पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, ईरान को बताया 'कमजोर'

 

वाशिंगटन, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को मीडिया पर तीखा हमला करते हुए दावा किया है कि 'फेक न्यूज मीडिया' अपनी विश्वसनीयता खो चुका है और वह ईरान की स्थिति को गलत तरीके से पेश कर रहा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि फर्जी खबर फैलाने वाली मीडिया बहुत ज्यादा ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम (जिसे कभी-कभी टीडीएस भी कहा जाता है!) की शिकार है। ट्रंप ने कहा कि मीडिया यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि ईरान संघर्ष में बढ़त बना रहा है, जबकि उनके मुताबिक "वास्तविकता इसके बिल्कुल उलट है" और ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। वो कमजोर हो गया है।

उन्होंने दावा किया कि ईरान की नौसेना, वायुसेना और वायु रक्षा प्रणाली, रडार काफी हद तक निष्क्रिय हो चुकी है, जबकि मिसाइल और ड्रोन निर्माण ढांचे को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के कई शीर्ष नेता अब जीवित नहीं हैं।

ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें बस यही खतरा है कि कोई जहाज उनकी किसी समुद्री माइन में "फंस" न जाए! वैसे, उनकी सभी 28 माइन ड्रॉपर बोट भी तबाह हो चुकी हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने दुनिया के देशों पर 'एहसान' जताते हुए दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री मार्ग को सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जो वैश्विक हित में बताया। उनके अनुसार, यह कदम चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान की क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनमें (ईरान) यह काम खुद करने की हिम्मत या इच्छाशक्ति नहीं है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कई देशों के खाली तेल टैंकर अमेरिका की ओर रुख कर रहे हैं ताकि वहां से तेल लोड किया जा सके।

ट्रंप ने इससे पहले की पोस्ट में दुनिया को ऑफर भी दिया और दावा भी किया कि कई खाली टैंकर उनके देश का रुख कर रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि इस समय कई बड़े-बड़े खाली तेल टैंकर अमेरिका की तरफ आ रहे हैं। जहां उन्हें बेहतरीन तेल नसीब होगा।

--आईएएनएस

केआर/