नागपुर में किराए के कमरे में छापे जा रहे थे नकली नोट, वीडियो में जाने 37 लाख के जाली नोट बरामद; मकान मालिक ने ताला तोड़ा तो खुला राज
महाराष्ट्र के नागपुर में किराए के कमरे से नकली नोट छापने का मामला सामने आया है। यहां एक मकान मालिक ने किराया नहीं देने वाले किराएदार के कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर 500-500 रुपये के नकली नोटों के बंडल, प्रिंटर और नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। बरामद नकली नोटों की कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है। नोटों की संख्या और कीमत का पता लगाने के लिए पुलिस को गिनती की मशीन मंगवानी पड़ी। मामले का आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।आरोपी की पहचान पुष्पक कृष्ण भंडारकर उर्फ बेंडाने के रूप में हुई है। वह नागपुर के त्रिमूर्ति नगर का रहने वाला बताया गया है। उसने करीब डेढ़ साल पहले नागपुर के खरबी इलाके में एक कमरा किराए पर लिया था। उसका किराया समझौता जनवरी में समाप्त हो गया था। इसके बाद उसने कई महीनों तक कमरे का किराया नहीं दिया।
मकान मालिक ने ताला तोड़ा तो सामने आया मामला
जानकारी के मुताबिक, किराया नहीं मिलने पर मकान मालिक रमेश ने किराएदार से कमरा खाली करने के लिए कहा था। आरोप है कि इस दौरान पुष्पक ने मकान मालिक को चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद मकान मालिक ने वाठोडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के बाद जब कमरे की जांच की गई तो वहां नकली नोटों की छपाई से जुड़ा सामान मिला। कमरे में 500 रुपये के नोटों के कई बंडल रखे हुए थे। इसके अलावा प्रिंटर और छपाई में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद हुई। इस तरह किराए के कमरे में चल रही कथित नकली नोट छापने की गतिविधि का खुलासा हुआ।
कुछ नोटों पर सिर्फ एक तरफ हुई थी छपाई
पुलिस को मौके से पूरी तरह छपे नोटों के साथ अधछपे नोट भी मिले। कुछ नोटों पर केवल एक तरफ छपाई की गई थी, जबकि दूसरी तरफ का हिस्सा खाली था। इससे पता चला कि कमरे में नोटों की छपाई का काम चल रहा था। पुलिस ने नकली नोटों के अलावा छपाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त कर ली है।पुलिस के मुताबिक, नकली नोटों की अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये है, जबकि नोटों और अन्य सामग्री समेत जब्त सामान की कुल कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई गई है। बरामद नोटों की गिनती और जब्त सामग्री का आकलन जांच का हिस्सा है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पुष्पक कृष्ण भंडारकर की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम मुंबई भेजने की तैयारी की जा रही है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नकली नोट कब से छाप रहा था, इन्हें कहां खपाया जाना था और इस काम में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।