×

एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं, अंतिम फैसला जनता के मतों से होगा : प्रियांक खरगे

 

बेंगलुरु, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने एग्जिट पोल को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इन पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता और अंतिम निर्णय जनता के मतों से ही होगा।

कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि एग्जिट पोल निजी एजेंसियों और विश्लेषकों द्वारा तैयार किए जाते हैं, जो कई बार पहले भी गलत साबित हो चुके हैं। प्रियांक खरगे ने कहा कि चुनावों के नतीजों को लेकर किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालने से पहले आधिकारिक परिणामों का इंतजार करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब संस्थाएं एक तरफ झुकी हुई नजर आती हैं, तो चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि उन्होंने दोहराया कि लोकतंत्र में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल और असम के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठे हैं। उन्होंने परिसीमन और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इन मुद्दों से जुड़े मामलों में अदालतों द्वारा अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इन चुनावों से जुड़े अनुभवों से भविष्य के लिए सबक लिया जाएगा।

मंत्री प्रियांक खरगे ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी को केरल, तमिलनाडु और असम में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल और जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर पार्टी को वापसी की उम्मीद है। 4 मई को परिणाम आने के बाद स्थिति साफ हो जाएंगी। उससे पहले कुछ भी बोलना सही नहीं है।

इसके अलावा उन्होंने हाल की प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसी परिस्थितियां दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं, जिन पर किसी का नियंत्रण नहीं होता। उन्होंने बताया कि सरकार अपनी पूरी क्षमता से बुनियादी ढांचे को सुचारू बनाए रखने और लोगों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास कर रही है।

विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियांक खरगे ने कहा कि विपक्ष को आलोचना करने का अधिकार है लेकिन उनके पास ठोस मुद्दे और उपलब्धियां नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनहित के कार्यों पर केंद्रित है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम