एक्साइज ड्यूटी कटौती के फैसले पर एनडीए नेता बोले, जनता को मिलेगी राहत
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती के फैसले को एनडीए के सांसदों ने जनता के हित में बताया है। सांसदों ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से जनता के हित में काम करती है। इस सरकार में सबका साथ, सबका विकास हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि केंद्र सरकार हमेशा आम आदमी के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेती है। एक्साइज ड्यूटी में कमी से लोगों को सीधे तौर पर राहत मिलेगी और यह निर्णय पूरी तरह स्वागत योग्य है।
आठवले ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है और हर वर्ग के कल्याण पर ध्यान दिया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि मोदी सरकार हमेशा जनता के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने दावा किया कि जहां अन्य देशों में कीमतें बढ़ रही हैं और शैक्षणिक संस्थान बंद हो रहे हैं। वहीं भारत में सरकार जनता को राहत देने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि एक्साइज ड्यूटी में कटौती से कीमतों में वृद्धि पर रोक लगी है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह जनता के बीच भ्रम और डर का माहौल बना रहा है।
भजापा सांसद दामोदर अग्रवाल ने इसे “प्रधानमंत्री मोदी का जादू” बताते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया में ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं, तब भारत में आम उपभोक्ताओं को राहत देना एक बड़ी उपलब्धि है।
सांसद धर्मशीला गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को “जनसेवक” बताते हुए कहा कि उनके निर्णय गरीबों और आम लोगों को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में कमी से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय आम जनता के हित में लिया गया है और इससे व्यापक राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राजनीतिक कारणों से लॉकडाउन की आशंका जता रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी केवल अपनी हार के डर से इस तरह के बयान दे रही हैं।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी