×

एटा में सड़क पर सांड बना हादसे की वजह, कार चालक की मौत

 

एटा, 13 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक कार से सांड की टक्कर के बाद ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र में निधोली रोड स्थित जवाहरपुर गोदाम के पास यह हादसा हुआ। फिलहाल, एटा पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो एटा जिले के जिटौली गांव के निवासी थे। बताया गया कि नरेंद्र अपनी दुकान बंद करने के बाद गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सांड से कार की टक्कर हुई।

अग्निशमन प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। बताया गया कि कार की सांड से टक्कर हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इस दुर्घटना में घायल युवक को अस्पताल भेजा गया। साथ ही, पुलिस टीम ने कार को सड़क से हटाकर किनारे किया।

उन्होंने बताया कि एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के कारण वे खुद अपनी गाड़ी से घायल युवक को अस्पताल लेकर आए। उस गाड़ी में ड्राइवर के अलावा दूसरा कोई व्यक्ति नहीं था। अस्पताल पहुंचने पर युवक को मृतक घोषित कर दिया गया।

मृतक के भाई वरदान शर्मा ने बताया कि भाई नरेंद्र एटा से घर लौट रहे थे। रास्ते में सांड आया था, जिससे कार का एक्सीडेंट हुआ। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों को सूचना पर दुर्घटना की सूचना दी गई थी।

मृतक के चाचा विनोद शर्मा ने कहा कि गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि आपके भतीजे नरेंद्र का एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद हम सभी लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, "मेरा भतीजा घर लौट रहा था। रास्ते में सांड आने से कार उससे टकराई थी।"

--आईएएनएस

डीसीएच/