×

ईएसआईसी में सीनियर रेजिडेंट सहित 48 पदों पर नौकरी का अवसर, 7 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू

 

चंडीगढ़, 2 जुलाई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), मॉडल हॉस्पिटल गुरुग्राम, हरियाणा ने योग्य उम्मीदवारों के लिए फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट (एफटीसीएस) और कॉन्ट्रैक्चुअल सीनियर रेजिडेंट्स के कुल 48 पदों पर 3 वर्ष के कार्यकाल की नियुक्ति के लिए रिक्तियों की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

ईएसआईसी की ओर से जारी रिक्तियों में फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट (एफटीसीएस) के 14 और सीनियर रेजिडेंट्स के 34 पद शामिल हैं।

ईएसआईसी ने जिन विभागों में स्पेशलिस्ट के 14 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें दुर्घटना और आपातकालीन सेवा में 2, छाती रोग विभाग में 1, आईसीयू में 1, मेडिसिन (सामान्य चिकित्सा) में 2, स्त्री रोग और प्रसूति विभाग में 2, बाल चिकित्सा में 1, मनोचिकित्सा में 1, रेडियोलॉजी में 2 और सर्जरी (शल्य चिकित्सा) में 2 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट्स के 34 पदों में एनेस्थिसियोलॉजी में 5, बायोकेमिस्ट्री में 1, चेस्ट में 1, डर्मेटोलॉजी में 1, आईसीयू में 3, मेडिसिन में 3, एनआईसीयू में 4, ओबीजी में 5, ऑर्थोपेडिक में 2, पीडियाट्रिक्स में 3, रेडियोलॉजी में 2 और सर्जरी में 4 पद शामिल हैं।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को स्पेशलिस्ट पोस्ट के लिए 1,48,263 रुपए और सीनियर रेजिडेंट्स पद के लिए 67,700 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।

इंटरव्यू 7 जुलाई को सुबह 10.30 बजे से 'मेडिकल सुपरिटेंडेंट का कार्यालय, दूसरी मंजिल, ईएसआईसी मॉडल हॉस्पिटल, सेक्टर 9ए, गुरुग्राम, हरियाणा - 122001' पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे तय किया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित स्पेशलिटी में पीजी डिग्री या पीजी डिप्लोमा होनी चाहिए। वहीं, आईसीयू और एक्सीडेंट एंड इमरजेंसी के लिए क्रिटिकल केयर में पोस्ट-ग्रेजुएशन जरूरी है। इसी के साथ आवेदक मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया या राज्य चिकित्सा परिषद के साथ पंजीकृत होना चाहिए।

स्पेशलिस्ट पद के लिए उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 69 वर्ष और सीनियर रेजिडेंट्स पोस्ट के लिए 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

इंटरव्यू में शामिल होने के लिए फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए के लिए 300 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/महिला उम्मीदवार और पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम