एर्नाकुलम की एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बचाव कार्य में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम
एर्नाकुलम, 26 मार्च (आईएएनएस)। केरल के एर्नाकुलम जिले स्थित एडयार गांव में गुरुवार की सुबह एक कारखाने में भीषण आग लग गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, आग किसी विस्फोट जैसी घटना के कारण लगी। अब तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। अधिकारी बचाव और आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:40 बजे एडयार गांव में सीजी लुब्रिकेंट्स के कारखाने में अचानक आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही इलाके के ईलूर, अलुवा और कादवनत्रा से कई फायर और रेस्क्यू यूनिट मौके पर पहुंच गईं। सभी टीमों ने मिलकर आग बुझाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान शुरू किया है। स्थानीय लोगों की मदद से भी बचाव कार्य चल रहा है। फिलहाल, यह पता नहीं चला है कि आग किस कारण से लगी, लेकिन शुरुआती जांच में यह कारखाने के अंदर हुए विस्फोट के कारण बताया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, एक कर्मचारी लापता है, जो बिहार का रहने वाला बताया गया है। वहीं, मौके से एक गंभीर रूप से जल चुका शव भी बरामद हुआ है, लेकिन अभी यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह शव वही है, जो लापता था या कोई अन्य शख्स है। अधिकारियों ने कहा कि शव की पहचान और घटनास्थल की जांच जारी है।
स्थानीय प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट का कहना है कि बचाव और आग बुझाने का काम अभी भी जारी है। आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।
इस घटना के कारण इलाके में भारी चिंता का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि आग के पूरी तरह नियंत्रण में आने तक राहत और बचाव कार्य जारी रहेगा। आग लगने का कारण और इससे हुए नुकसान का आकलन अभी तक नहीं किया जा सका है, लेकिन अधिकारी स्थिति को नियंत्रण करने में जुटे हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी