×

ईपीएफओ में ऑडिटर सहित 74 पदों पर नौकरी का अवसर, 30 जुलाई तक करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, ईपीएफओ ने अपने विभिन्न कार्यालयों में डेपुटेशन के आधार पर अलग-अलग कुल 74 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईपीएफओ की ओर से 74 पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों में उप निदेशक (ऑडिट) के 7, सहायक निदेशक (ऑडिट) के 9, सहायक ऑडिट अधिकारी (एएओ) के 18 और ऑडिटर के 40 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 जून से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे ईपीएफओ के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर, संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए गूगल फॉर्म लिंक पर क्लिक कर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले आवेदन करें।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कैंडिडेट्स को अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकालना होगा। इसके बाद फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज कर संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को एक लिफाफे में डालकर 'कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, मुख्यालय में विक्रम सिंह, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II (भर्ती प्रभाग), प्लेट ए, ग्राउंड फ्लोर, ब्लॉक II, ईस्ट किदवई नगर, नई दिल्ली-110023' पते पर 14 अगस्त के शाम 5 बजे तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचाना होगा।

उप निदेशक (ऑडिट) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री का होना अनिवार्य है। इसके अलावा कैंडिडेट्स का आईए एवं एडी द्वारा आयोजित एसएएस परीक्षा उत्तीर्ण और ऑडिट, अकाउंट्स एवं वित्तीय मामलों को संभालने का अनुभव होना चाहिए। वहीं, बीकॉम वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। अन्य सभी पदों के लिए उम्मीदवारों का नियमित आधार पर समतुल्य पदों पर कार्यरत होना, पब्लिक फंड के ऑडिट और अकाउंट्स में अनुभव, आदि होना अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के हिसाब से की जाएगी। योग्य अभ्यर्तियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के अनुसार, पे-मैट्रिक्स लेवल 6 से 11 के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेड्ट को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/पीएम