☰
×

इंजीनियर्स इंडिया में 20 एसोसिएट इंजीनियर पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 26 सितंबर से करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 25 सितंबर (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए यह खास मौका है। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने अनुभवी इंजीनियरों को निश्चित अवधि के आधार पर नियुक्त करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके विभिन्न 20 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईआईएल की ओर से जारी 20 रिक्तियों में एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-I (मैकेनिकल/मेटलर्जिकल इंस्पेक्शन) के 16 और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-I (इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन) के 4 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे ईआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पोस्ट के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ मैकेनिकल/मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 2 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन और प्रमाणपत्रों की जांच एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 57,600 से 64,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

चयन प्रक्रिया ईआईएल के गुरुग्राम, मुंबई, पुणे, वडोदरा, चेन्नई और कोलकाता ऑफिस में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए कैंडिडेट्स को सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना होगा। हालांकि, सिलेक्शन प्रोसेस की सही तारीख, समय और जगह की जानकारी उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर अलग से दी जाएगी।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी