☰
×

ईमेल से भेजा जाएगा डुप्लीकेट स्कोरकार्ड, नहीं देना पड़ेगा 200 रुपए का शुल्क

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने लापता हुए या खराब हो चुके स्कोरकार्ड को दोबारा प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के लिए अहम सूचना जारी की है। अब छात्रों को डुप्लीकेट स्कोरकार्ड केवल इलेक्ट्रॉनिक रूप में जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को इसकी प्रिंटेड कॉपी डाक से नहीं भेजी जाएगी, बल्कि उनके ईमेल पर स्कोरकार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी डिजिलॉकर सुविधा भी जांचने की सलाह दी गई है।

एनटीए के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को जारी शुद्धिपत्र के तहत डुप्लीकेट स्कोरकार्ड जारी करने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब यह दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप से तैयार किया जाएगा और सीधे उम्मीदवार के ईमेल पते पर भेजा जाएगा। वहीं यदि पुरानी व्यवस्था की बात करें तो पहले उम्मीदवारों को डुप्लीकेट स्कोरकार्ड की भौतिक प्रति स्पीड पोस्ट से मंगाने का विकल्प मिलता था। इस बदलाव के बाद उम्मीदवारों को डुप्लीकेट स्कोरकार्ड प्राप्त करने के लिए पहले लागू 200 रुपए का अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना होगा।

दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यह स्पष्ट किया है कि यह शुल्क पहले स्पीड पोस्ट के जरिए स्कोर कार्ड की प्रिंटेड कॉपी भेजने के लिए लिया जाता था। चूंकि अब भौतिक प्रति जारी नहीं की जाएगी, इसलिए उम्मीदवार इस अतिरिक्त शुल्क का भुगतान न करें। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि यदि उनका स्कोरकार्ड खो गया है या खराब हो गया है, तो डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन करने से पहले डिजिलॉकर में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर लें। इससे उन्हें अपना स्कोरकार्ड दोबारा प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। उम्मीदवार इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

इसके अलावा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को ईमेल भेज सकते हैं या 011-40759000 और 1800-180-4747 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

गौरतलब है कि एनटीए कई प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करता है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक आयोजित होने वाली विभिन्न प्रमुख परीक्षाओं का प्रस्तावित कैलेंडर पहले ही जारी कर दिया था। जारी किए गए कैलेंडर मेजेईई मेन, यूजीसी नेट, संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट, सीमैट, सीयूईटी पीजी समेत कुल 14 परीक्षाओं की संभावित तिथियां शामिल थी। दिसंबर 2026 में पांच परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।

राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय की परीक्षा 6 दिसंबर को होगी। ‘स्वयं’ परीक्षा 8 से 12 दिसंबर तक प्रस्तावित है। राष्ट्रीय सैन्य विद्यालयों की परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा का दिसंबर चक्र 14 से 18 व 21 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।

--आईएएनएस

जीसीबी/एमएस