×

इलेक्टेड मुख्यमंत्री को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर सेलेक्टेड सीएम को बधाई : तेजस्वी यादव

 

पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके मुख्यमंत्री बनने पर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बधाई देने के बहाने मुख्यमंत्री पर जोरदार कटाक्ष भी किया।

उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स के जरिये नए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए लिखा, "आशा है कि नए 'सेलेक्टेड' मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द, सुरक्षा और सर्वांगीण सुधार के लिए संकल्पित होकर सशक्त तरीके से काम करेंगे तथा बाहरियों के दिशा-निर्देशों के आगे बिहारियों के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखेंगे।"

उन्होंने कहा कि प्रादुर्भाव से समाजवादी सम्राट चौधरी को पुनः हार्दिक शुभकामनाएं। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, "आज इलेक्टेड मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर बधाई तथा सेलेक्टेड मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं।

उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि नए मुख्यमंत्री इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 21 वर्षों के एनडीए शासन के उपरांत भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सतत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, एक समान प्रगति-एकरूप संवृद्धि तथा मानव विकास के तमाम संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है।

इधर, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी तंज कसते हुए नए मुख्यमंत्री को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "बिहार के नए मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों को शपथ एवं दायित्व ग्रहण की बहुत-बहुत बधाई। बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बने हैं, पर भाजपा में अजीब सन्नाटा पसरा है! उन्होंने आगे लिखा कि क्या नीतीश कुमार के कोटे से भाजपा के मुख्यमंत्री बने हैं? भाजपा के सर्वोच्च नेताओं की पर्ची पर नीतीश कुमार की इच्छा भारी पड़ गई।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस