'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एनडीएमसी का पौधरोपण, मानसून से निपटने की तैयारियां पूरी : कुलजीत चहल
नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने रविवार को बी.के. दत्त कॉलोनी स्थित बी.डी. पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का आंदोलन बनाने का प्रयास है। नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि एनडीएमसी राजधानी के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस दौरान चहल ने मानसून की तैयारियों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। प्रमुख नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने, पंपिंग स्टेशनों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
कुलजीत सिंह चहल ने विश्वास जताया कि एनडीएमसी क्षेत्र में नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सभी जरूरी कदम पहले ही उठा लिए गए हैं। एनडीएमसी की टीमें मानसून के दौरान 24 घंटे सातों दिन सतर्क रहेंगी और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दिल्ली में जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया की राजनीति तक सीमित रह गए हैं और बिना जमीनी स्थिति देखे बयानबाजी करते हैं। एनडीएमसी ने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली हैं और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। एनडीएमसी ने भी भविष्य में ऐसे जनभागीदारी आधारित अभियानों को लगातार जारी रखने का भरोसा जताया।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम