×

एक मोहब्बत, जो अधूरी रह गई : जिस तारीख को खोया प्यार, उसी दिन दुनिया को कह दिया अलविदा

 

मुंबई, 11 जुलाई (आईएएनएस)। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अभिनेत्रियों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई है। ऐसी ही एक अभिनेत्री थीं, सुलक्षणा पंडित, जिन्होंने अपनी खूबसूरती, दमदार एक्टिंग और सुरीली आवाज से दर्शकों का दिल जीत लिया।

भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री और प्लेबैक सिंगर सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार में हुआ था। उनके पिता और चाचा दोनों शास्त्रीय गायक थे। इंडस्ट्री की प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी जतिन-ललित अभिनेत्री के भाई हैं, जिन्होंने 1990 और 2000 के दशक में कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में सदाबहार गाने दिए, जो आज भी लोगों की दिलों में बसते हैं। उनमें 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'कुछ कुछ होता है', और 'मोहब्बतें' जैसी फिल्में शामिल हैं।

सुलक्षणा पंडित हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की एक ऐसी अभिनेत्री रहीं, जिन्होंने 1970 और 80 के दशक में बॉलीवुड पर राज किया और जीतेंद्र, संजीव कुमार, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, शशि कपूर, अमिताभ बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे शीर्ष कलाकारों के साथ फिल्मों में काम किया।

शुरू से ही परिवार में संगीतनुमा माहौल होने की वजह से सुलक्षणा में अपने पिता, चाचा और भाइयों की तरह सिंगिंग का गुण था। उन्होंने सिंगिंग करियर की शुरुआत महज नौ वर्ष की उम्र में बतौर प्लेबैक सिंगर शुरू कर दी और 1967 में 'तकदीर' फिल्म में लता मंगेशकर के साथ लोकप्रिय गीत 'सात समुंदर पार से' गाकर इंडस्ट्री में कदम रखा।

सुलक्षणा ने एक प्लेबैक सिंगर के तौर पर लगभग 70 से अधिक फिल्मों में गीत गाए, जिनमें 'मौसम मौसम लवली मौसम', 'जब आती होगी याद मेरी', 'बेकरार दिल तू गाए जा', 'प्यारे-प्यारे से लगते हैं आप', 'परदेसिया तेरे देश में', 'दिल-ए-नादान तुझे हुआ क्या है', 'तुम जो मिल गए', आदि शामिल हैं। उन्हें 1975 की फिल्म 'संकल्प' के लिए सर्वश्रेष्ठ प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था।

सुलक्षणा ने बॉलीवुड में अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत 1975 में अभिनेता संजीव कुमार के साथ आई फिल्म 'उलझन' से की। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में अपनी लाजवाब अदाकारी का जलवा बिखेरा। उनकी कुछ प्रमुख और सबसे लोकप्रिय फिल्मों की बात करें, तो उनमें 'हेराफेरी', 'अपनापन', 'वक्त की दीवार', 'फांसी', 'दो वक्त की रोटी', 'धर्म कांटा' आदि फिल्में शामिल हैं, जिनमें उन्होंने मुख्य भूमिकाएं निभाईं।

लेकिन, निजी जिंदगी में अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित दुखों का सामना कर रही थीं। फिल्म 'उलझन' की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री को एक्टर संजीव कुमार से प्यार हो गया था। उन्होंने अभिनेता के सामने अपनी भावना को जाहिर करते हुए शादी का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन संजीव कुमार ने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिससे वह काफी आहत हुईं।

हालांकि, 6 नवंबर 1985 को महज 47 वर्ष की उम्र में अभिनेता संजीव कुमार का निधन दिल का दौरा पड़ने से हो गया। इस घटना के कुछ ही समय बाद अभिनेत्री की मां की भी मृत्यु हो गई। एक के बाद एक अपने दो सबसे अजीज लोगों की कुछ ही समय के अंतराल में मृत्यु से अभिनेत्री गहरे सदमे में चली गईं और उन्होंने निर्णय लिया कि वह कभी शादी नहीं करेंगी। इसी के साथ उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से भी दूरी बना ली।

अभिनेत्री का निधन 71 वर्ष की आयु में 6 नवंबर 2025 को मुंबई के नानावटी अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण हो गया, लेकिन स्क्रीन पर उनकी खूबसूरती, एक्टिंग और गायकी का जादू आज भी जिंदा है और हमेशा रहेगा।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम