ईआईएल में एसोसिएट इंजीनियर के 41 पदों पर आवेदन शुरू, 30 जून अंतिम तिथि
नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। इंजीनियर इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने निश्चित अवधि के आधार पर एसोसिएट इंजीनियर के विभिन्न 41 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
ईआईएल की ओर से जारी 41 रिक्तियों में एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II (प्रोसेस) के 5, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II (एसएमईडी-II) के 5, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II (एसएमईडी-I) के 4, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II (पर्यावरण, जल और सुरक्षा) के 1, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III (प्रोसेस) के 13, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III (इलेक्ट्रिकल) के 1, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III (इंस्ट्रूमेंटेशन) के 4, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III (पाइपिंग) के 5, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III (एसएमएमएस) के 1 और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III (स्ट्रक्चरल/सामान्य सिविल) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे ईआईएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) - केमिकल/मैकेनिकल/सिविल/पर्यावरण/औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण/इलेक्ट्रिकल/इंस्ट्रूमेंटेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स/इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल/इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री - (मेटलर्जी/मटीरियल्स/कोरोजन) कम से कम 60 प्रतिशत या इसके बराबर सीजीपीआई के साथ होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद अनुसार निर्धारित 5 से 9 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 37 से 41 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी शहर के श्रेणी के आधार पर एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II के लिए 72,000 से 80,000 रुपए और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III के लिए 86,400 से 96,000 से रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, कैंडिडेट्स के पोस्टिंग की जगह नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) होगी।
एसोसिएट इंजीनियर पोस्ट पर नियुक्ति के लिए ईआईएल की ओर से इंटरव्यू संभावित रूप से 13 जुलाई से शुरू होगा। साक्षात्कार गुरुग्राम, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और वडोदरा में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इंटरव्यू की सही तारीख और जगह की जानकारी उम्मीदवार की रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर अलग से भेजी जाएगी।
वहीं, जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होंगे उन्हें तय समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ जमा किए गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साक्षात्कार के केंद्र पर याद से साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी