×

ईद उल-अज़हा को लेकर पीस कमेटी की बैठक में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

 

ग्रेटर नोएडा, 25 मई (आईएएनएस)। आगामी त्योहार ईद उल-अज़हा के मद्देनज़र गौतमबुद्धनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम मे थाना दनकौर परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में किया गया। इस दौरान डीसीपी और एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी तृतीय ग्रेटर नोएडा अरविन्द कुमार ने धर्म गुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया।

बैठक में आगामी ईद उल-अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी समुदाय मिलकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एसीपी अरविन्द कुमार ने बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कई बार असामाजिक तत्व त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दी जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी संदेश को सोशल मीडिया पर साझा न करें।

पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति धार्मिक भावनाएं भड़काने, दुष्प्रचार करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।

बैठक में उपस्थित धर्म गुरुओं और स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा रही है, जिसे आगे भी कायम रखा जाएगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम