×

'ईद पर जश्न का समय, दुख में बदल गया', पाकिस्तानी हमले में घायल हुए लोगों से मिलने पहुंचे एसीबी अधिकारी और क्रिकेटर

 

काबुल, 19 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के प्रतिनिधियों ने और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने काबुल के उस हॉस्पिटल का दौरा किया, जहां कुछ दिन पहले पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में 400 लोगों के मरने की खबर आई थी। एयरस्ट्राइक में करीब 250 लोग घायल भी हुए थे। एसीबी के प्रतिनिधि और राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी घायलों से मिलकर उनका हालचाल जानने पहुंचे थे।

एसीबी ने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "एसीबी अधिकारियों और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सदस्यों ने पाकिस्तान की सेना द्वारा हाल ही में किए गए एयरस्ट्राइक में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और काबुल इमरजेंसी और वजीर अकबर खान हॉस्पिटल में सपोर्ट और संवेदनाएं दीं। सीईओ नसीब खान के नेतृत्व में, उन्होंने घायलों की सेहत के बारे में पूछा, हमले की निंदा की और संवेदनाएं जाहिर कीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मदद का इंतजाम किया जाएगा साथ ही इस मुश्किल समय में उनकी मदद की अपील भी की।"

इससे पहले, बोर्ड ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा की थी, जिसमें तालिबान अधिकारियों और स्थानीय मीडिया के मुताबिक करीब 400 लोग मारे गए और कम से कम 250 घायल हुए थे। इस दुखद घटना को दिल दहला देने वाला बताते हुए, बोर्ड ने कहा कि जो रमजान के दौरान और ईद से पहले जश्न का समय होना चाहिए था, वह कई अफगान परिवारों के लिए दुख में बदल गया।

हॉस्पिटल पहुंचे खिलाड़ियों में वनडे और टेस्ट कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी, ऑलराउंडर गुलबदीन नायब और कैस अहमद जैसे खिलाड़ी शामिल थे। क्रिकेटरों ने घायलों से मिलकर उनके और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाई।

अफगान क्रिकेटर राशिद खान और नवीन-उल-हक ने हमलों की निंदा की थी। क्रिकेटरों ने संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार आयोग से जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की थी।

--आईएएनएस

पीएके