ईद को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नोएडा, 21 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा में ईद के पावन अवसर को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शहर के सभी ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार पूरे जनपद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ईदगाहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसीपी ने विशेष रूप से मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है, जिससे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैनी नजर रखी जा सके। पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद का त्योहार मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। नोएडा पुलिस का उद्देश्य है कि ईद का त्योहार पूरी शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हो, और इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार और सतर्क है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस