द्वारका साउथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल फ्रॉड केस का आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की द्वारका साउथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फ्रॉड के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। यह आरोपी साल 2018 से केस में वांछित था और कोर्ट से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलकर छिपता फिर रहा था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुश्ताक (33) निवासी मथुरा ने मोबाइल के जरिए धोखाधड़ी करते हुए पेटीएम नंबर और अन्य जरूरी जानकारी हासिल कर शिकायतकर्ता से करीब 25,998 रुपये की ठगी की थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा था और बार-बार गैरहाजिर रहने के कारण अदालत ने उसे प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित कर दिया था।
द्वारका जिले के डीसीपी के निर्देश पर सभी एसीपी और एसएचओ को फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाने को कहा गया था। इसी कड़ी में सेक्टर-10 द्वारका चौकी इंचार्ज एसआई रजत मलिक के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई, जिसमें एएसआई संजीव कुमार, एएसआई मुल्क राज और एचसी मुकेश कुमार कुलदीप शामिल थे।
पुलिस टीम ने मैनुअल और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। मुखबिरों की भी मदद ली और लगातार फील्ड में मेहनत की। पुलिस को शक था कि आरोपी अपने केस की सुनवाई की जानकारी लेने के लिए कोर्ट आ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित कोर्ट स्टाफ को भी सतर्क किया गया था कि अगर आरोपी नजर आए तो तुरंत सूचना दी जाए।
बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपी कोर्ट परिसर में दिखाई दिया, वहां मौजूद सतर्क स्टाफ ने तुरंत पुलिस टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बिना किसी हंगामे के आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पेश किया गया।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीयूष