×

द्वारका पुलिस की बड़ी सफलता, नजफगढ़ और छावला का सक्रिय चोर गिरफ्तार

 

द्वारका, 18 मार्च (आईएएनएस)। द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल की टीम ने नजफगढ़ और छावला इलाके में सक्रिय एक चोर को पकड़ लिया है। आरोपी का नाम प्रिंस कुमार है, उम्र 22 साल, पिता का नाम सतृघन राय है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो चोरी किए गए मोबाइल, एक चांदी की पायल, एक चोरी की मोटरसाइकिल और कुछ रेड बुल एनर्जी ड्रिंक्स बरामद किए हैं।

द्वारका पुलिस द्वारा बुधवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, शिकायतकर्ता योगेश कुमार (पुत्र सतवीर, निवासी गौशाला नंबर 2, गली नंबर 1, मकसूदाबाद कॉलोनी, नजफगढ़, दिल्ली) ने अपने घर में चोरी की एक घटना की सूचना दी थी। यह घटना तब हुई जब वे 3 मार्च से 8 मार्च तक शहर से बाहर थे। चोरों ने उनके घर से बर्तन, नकदी, सोने की चेन और चांदी की पायल चुरा ली थी।

इस मामले में नजफगढ़ पुलिस स्टेशन में ई-एफआईआर दर्ज किया गया। टीम ने द्वारका डीसीपी कुशल पाल सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर हर चोरी की जगह का दौरा किया। इंस्पेक्टर विवेक मैंदोला की अगुवाई में एंटी-बरग्लरी सेल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और 8 दिनों तक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। फुटेज में दो मास्क पहने व्यक्ति दिखे, जो 7-8 मार्च की रात शिकायतकर्ता के घर में घुसते हैं लेकिन बाहर निकलते नहीं दिखे। टीम ने देखा कि घर के पीछे गौशाला है और वहां काम करने वाले श्रमिकों से फुटेज दिखाकर पूछताछ की। एक श्रमिक ने प्रिंस कुमार को पहचान लिया।

इसके बाद टीम ने प्रिंस कुमार पर तकनीकी और मैनुअल नजर रखी और रानहोला, मोहन गार्डन, छावला और नजफगढ़ में कई छापेमारी की। 13 मार्च को सूचना मिली कि प्रिंस कुमार चोरी की मोटरसाइकिल पर यूईआर-II, गोयला गांव, दिल्ली आएगा। टीम ने जाल बिछाया और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो चोरी किए मोबाइल, एक जोड़ी चांदी की पायल, छह रेडबुल और एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में प्रिंस कुमार ने बताया कि उसका परिवार बिहार के कल्याणपुर जिले का है। उसके चार भाई हैं। पिता नजफगढ़ की गौशाला में मजदूरी करते हैं और मां नौकरानी का काम करती हैं। प्रिंस खुद 2021 में दिल्ली आया और दैनिक मजदूरी करने लगा। इसी दौरान वह बुरी संगत में आया और नशे का आदि हो गया। नशे की लत के कारण उसने चोरी की ओर रुख किया।

पुलिस ने प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ पहले से दर्ज घर चोरी के एक मामले समेत कुल सात मामले सुलझाए। बरामद सामान में 2 मोबाइल, एक जोड़ी चांदी की पायल, 6 रेडबुल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस