द्वारका पुलिस ने घर में चोरी का मामला सुलझाया, नाबालिग समेत 3 आरोपी पकड़े
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। द्वारका जिले के द्वारका साउथ पुलिस स्टेशन की टीम ने घर में सेंधमारी का मामले में 1 सीसीएल (कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चे) समेत 3 आरोपियों को पकड़ा है। साथ ही 100 प्रतिशत रिकवरी भी की।
16 मार्च को द्वारका साउथ पुलिस स्टेशन में सेक्टर-7 में एक घर में चोरी के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी ने उसके घर की लोहे की खिड़की तोड़ दी और घर में घुसकर चांदी के सिक्के, भगवान गणेश की मूर्ति, राधा-कृष्ण की मूर्ति, 75,000 रुपए का एक मोंट ब्लैंक पेन, तांबे के तार, 7 कीमती घड़ियां और अन्य कीमती चीजें चुरा ली हैं। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर द्वारका साउथ पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
सेंधमारी के इस मामले को सुलझाने के लिए द्वारका साउथ एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह की देखरेख में और द्वारका एसीपी किशोर कुमार रेवाला के समग्र पर्यवेक्षण में एएसआई महावीर, एचसी प्रवीण यादव, एचसी मनोज, एचसी सुरेंद्र, एचसी गजे सिंह, एचसी सुधीर और कॉन्सटेबल तुषार की एक समर्पित टीम गठित की गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी शुरू कर दी। 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। तकनीकी और मैनुअल जानकारी भी जुटाई गई। आखिरकार, एचसी मनोज को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर 7, द्वारका के इलाके में छिपे हुए हैं। टीम वहां पहुंची और तीनों आरोपियों को सेक्टर 7 द्वारका के पार्क से पकड़ लिया गया। उनमें से एक सीसीएल था। मौके पर जेडब्ल्यूओ (किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य) को बुलाया गया।
चोरी की गई सभी चीजें जैसे चांदी के सिक्के, भगवान गणेश की मूर्ति, राधा-कृष्ण की मूर्ति, नंदी की पीतल की मूर्ति (लगभग 30 किलोग्राम), एक मोंट ब्लैंक पेन, तांबे के बर्तन, महंगी घड़ियां, चांदी और पीतल की कई अन्य चीजें उनसे बरामद कर ली गईं। शिकायतकर्ता भी टीम के साथ था, जिसने अपनी चीजों की पहचान की।
आरोपियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं। इसलिए, उन्होंने तांबे और पीतल की कुछ चीजें चुराने की योजना बनाई थी। वे आस-पास के इलाकों में ही रहते थे, इसलिए उन्हें इस इलाके के बारे में पता था कि यहां उन्हें चांदी, तांबा और पीतल की चीजें मिल सकती हैं। एक सुनियोजित तरीके से 15-16 मार्च की रात को वे घर में घुसे औरकीमती सामान लेकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू मिश्रा (20 वर्ष), अमरजीत साह (31 वर्ष) और एक आरोपी नाबालिग निकला।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी