×

डूसू चुनाव में जीते एबीवीपी के तीनों छात्र नेताओं ने राहुल गांधी की 'छात्रों की गूंज' पर साधा निशाना, बोले- छात्रों ने यहां 'भगवामय गूंज' की

 

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डाबास, सचिव रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव लक्ष्यराज सिंह ने चुनाव नतीजों, अपनी प्राथमिकताओं और राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बारे में आईएएनएस से बातचीत की।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए डूसू के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डाबास ने कहा, "चुनाव में जीत के बाद मुझे लगता है कि मेरे कंधों पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। अब मुझे हर छात्र की आवाज बनना है और दिल्ली यूनिवर्सिटी के उन 1.5 लाख छात्रों का नेतृत्व करना है जो दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अंतर्गत आते हैं। मुझे छात्रों से जुड़े हर मुद्दे के लिए लड़ना है।"

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर यश डाबास ने कहा, "शायद इस कार्यक्रम का नाम 'गूंज' नहीं बल्कि 'चिल्लाना' होना चाहिए था। उनके कानों में जो 'गूंज' सुनाई दे रही होगी, वह एबीवीपी की जय की गूंज रही होगी।"

डूसू की सचिव रिया छाबड़ी ने आईएएनएस से कहा, "मैं बहुत खुश हूं। कहते हैं कि जिसने एक बार हार का अनुभव किया हो, उसे जीत की खुशी का एहसास अलग तरह से होता है। पिछले साल मैं कॉलेज का चुनाव हार गई थी और ठीक एक साल बाद मैं सीधे दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन की सचिव बन गई हूं। इसलिए, इस जीत की खुशी सच में कुछ अलग है।"

रिया छाबड़ी ने कहा, "उनके (एनएसयूआई) पास पूरे वर्ष न तो बोलने और न ही करने को कुछ है। मेरी पहली प्राथमिकता लड़कियों की सुरक्षा रहेगी। बतौर लड़की मेरी यही कोशिश रहेगी कि विश्वविद्यालय की हर छात्रा को सुरक्षित महसूस हो।" राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर रिया ने कहा कि उनकी 'छात्रों की गूंज' हो ही नहीं पाई। उनसे मेरा यही कहना है कि अगले वर्ष कोशिश करें, इस वर्ष तो इतनी तगड़ी 'गूंज' की कि एक भी सीट नहीं आ पाई।

रिया ने कहा कि इस जीत ने सिद्ध कर दिया कि जेन-जी हमारे साथ हैं और हमारा दावा है कि अगली बार हम चारों पदों पर जीत दर्ज करेंगे। हम छात्र हितों के लिए काम करते हैं, हम किसी राजनीतिक पार्टियों में विश्वास नहीं करते। छात्रों के हित के लिए काम करना होगा तो हम नए उपाध्यक्ष के साथ मिलकर काम करेंगे। जहां विद्यार्थियों के अधिकारों और सुरक्षा की बात होगी, अगर हमें उनके साथ काम करना होगा तो कोई दिक्कत नहीं है। हम विद्यार्थियों के लिए बने हैं और विद्यार्थियों से बने हैं। हम उनके लिए काम करेंगे।

संयुक्त सचिव लक्ष्यराज सिंह ने आईएएनएस से कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। वर्षों के संघर्ष और कड़ी मेहनत का आखिरकार फल मिला है और मैं बहुत खुश हूं।" उन्होंने कहा कि एनएसयूआई का उनके लोगों ने ही सूपड़ा साफ कर दिया। हम लोगों ने तो मेहनत की और हमारी मेहनत रंग लेकर आई, तब जाकर हमारी 3-1 से जीत हुई और एनएसयूआई 4-0 से साफ हो गई। खेलों के क्षेत्र में मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। दिल्ली विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स की सुविधाएं अच्छी रहें, यही हमारी मांग रहेगी।

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' को लेकर लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि वे अलग-अलग शहरों में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम कर रहे हैं लेकिन अलग-अलग जगहों से आए दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने यहां 'भगवामय गूंज' कर दी। भारत मां के नारे से गूंज हुई।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम