दुश्मनों ने हमें आजमाया तो पहले से भी कड़ा प्रहार करेंगे: नेतन्याहू
तेल अवीव, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को एक बार फिर अपने दुश्मनों को सचेत किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इजरायल जरूरत पड़ने पर हमला करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अपने हालिया बयान में उन्होंने बिना किसी देश का नाम लिए हुए कहा कि अगर दुश्मनों ने इजरायल को आजमाने की कोशिश की, तो उन्हें अब तक झेले गए हमलों से भी अधिक कड़े प्रहार सहने पड़ेंगे।
नेतन्याहू ने वायुसेना के एक अज्ञात अड्डे का दौरा करने के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने बताया, "मैंने एयरबेस के कमांडर से बातचीत की और जरूरत पड़ने पर दुश्मनों पर हमला करने के लिए वायुसेना की तैयारियों, दृढ़ संकल्प और क्षमता का जायजा लिया।"
इसके बाद इजरायली प्रधानमंत्री ने अपने दुश्मनों को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, “हमें मत आजमाओ। तुम्हें अब तक झेले गए हमलों से भी अधिक कड़े प्रहार सहने पड़ेंगे।”
उन्होंने कहा कि इजरायल ने अपने साहसी पायलटों, वायुसेना के अन्य कर्मियों, जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों, इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) और सरकार के प्रयासों से बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल अपनी रक्षा करने को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया, “हमें मत आजमाओ।”
यह बयान एक कड़े मुकाबले वाले चुनाव से ठीक पहले आया है। इजरायल में 27 अक्टूबर को संसदीय चुनाव के लिए वोटिंग होनी है।
हाल ही में उन्होंने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम को लेकर अपनी राय फॉक्स न्यूज पर व्यक्त की थी। अपने इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि ईरान तेजी से अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों का विकास कर रहा है। उसका असली निशाना इजरायल नहीं बल्कि अमेरिका है। उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिकी शहरों पर हमला करने के उद्देश्य से परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच, संसदीय चुनावों में अपने दोस्त बीबी के पक्ष में डोनाल्ड ट्रंप इजरायल से अपील करते रहे हैं। ट्रुथ सोशल पर किए पोस्ट में उन्होंने नेतन्याहू को 'मजबूत, बहादुर और शानदार' नेता बताते हुए कहा कि ईरान के खिलाफ कार्रवाई में वह अमेरिका के मजबूत साझेदार रहे हैं।
--आईएएनएस
केआर/