ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत पर नजर रख रहे थे चीन के 3 सैटेलाइट, 4 दिन तक भुज-जामनगर और रिलायंस रिफाइनरी की निगरानी; वीडियो में जानें पूरा मामला
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की अंतरिक्ष गतिविधियों को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। दावा किया गया है कि चीन के तीन सैटेलाइट लगातार चार दिनों तक भारत के महत्वपूर्ण रणनीतिक और औद्योगिक ठिकानों पर नजर रख रहे थे। इन सैटेलाइट के जरिए गुजरात के भुज, जामनगर और रिलायंस रिफाइनरी की गतिविधियों को देखा गया। इस दावे ने भारत की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील सैन्य ठिकानों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
चीन के 3 सैटेलाइट ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत पर रख रहे थे नजर
बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी दिगंतारा के विश्लेषण के मुताबिक, चीन के तीन सैटेलाइट निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गुजरात के तटीय इलाकों पर नजर रख रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इनकी निगरानी का दायरा भुज, नलिया और जामनगर तक फैला हुआ था। इन सैटेलाइट की निगरानी क्षमता में सैन्य ठिकानों के साथ बंदरगाह और महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान भी शामिल थे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि 10 और 11 मई 2025 को इन तीनों सैटेलाइट का फोकस विशेष रूप से गुजरात के तट पर था। उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मुख्य लड़ाई जम्मू-कश्मीर और पंजाब में केंद्रित थी, लेकिन गुजरात के संवेदनशील इलाकों में भी सैन्य गतिविधियां बढ़ गई थीं।
रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी भी निगरानी के दायरे में
चीन के इन सैटेलाइट की निगरानी क्षमता में रिलायंस इंडस्ट्रीज का जामनगर रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स भी शामिल था। यह दुनिया के बड़े रिफाइनरी परिसरों में से एक है। इसके अलावा गुजरात के महत्वपूर्ण बंदरगाह और नौसेना से जुड़े प्रतिष्ठान भी इनकी निगरानी के दायरे में आ सकते थे।
भुज में भारतीय वायुसेना का रुद्र माता एयरबेस स्थित है, जबकि नलिया एयरबेस पाकिस्तान सीमा और अरब सागर के नजदीक होने के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। गुजरात का समुद्री क्षेत्र भारतीय नौसेना और ऊर्जा क्षेत्र के लिहाज से भी काफी अहम है।
सैटेलाइट में तस्वीर लेने और सिग्नल पकड़ने की क्षमता
रिपोर्ट के मुताबिक, इन सैटेलाइट में हाई रिजॉल्यूशन तस्वीरें लेने के साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (ELINT) जुटाने की क्षमता भी है। इसका मतलब है कि ये सैन्य रडार, रेडियो कम्युनिकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले सिग्नल को पकड़ सकते हैं।
गाओफेन-11 ऑप्टिकल इमेजिंग के लिए जाना जाता है। इसकी तस्वीरों के जरिए जमीन पर मौजूद बड़े सैन्य उपकरणों, जहाजों, विमानों और बंदरगाहों की गतिविधियों का आकलन किया जा सकता है। वहीं, याओगान-30 सैटेलाइट समूह इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल की निगरानी करने में सक्षम बताया जाता है।
ऑपरेशन शुरू होने के दिन सैटेलाइट की कक्षा में बदलाव
विश्लेषण में यह भी दावा किया गया है कि 7 मई 2025 को, जिस दिन ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ था, याओगान-43 01G समेत कुछ चीनी सैटेलाइट ने अपनी कक्षा में बदलाव किया। इससे उन्हें भारतीय सैन्य ठिकानों के ऊपर से अधिक बार गुजरने और निगरानी का समय बढ़ाने का अवसर मिला।
हालांकि, इस रिपोर्ट से यह साबित नहीं होता कि चीन ने इन सैटेलाइट से मिली जानकारी पाकिस्तान को साझा की थी या उनका इस्तेमाल किसी हमले में हुआ था। यह विश्लेषण मुख्य रूप से सैटेलाइट की कक्षाओं और उनकी निगरानी क्षमताओं पर आधारित है।
इस खुलासे के बाद युद्ध के दौरान अंतरिक्ष से होने वाली निगरानी और भारत के संवेदनशील सैन्य एवं औद्योगिक ठिकानों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।