☰
×

दुर्गापूजा को लेकर रांची में फ्लैग मार्च, ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी

 

रांची, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। झाररखंड की राजधानी में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों तथा विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन के जरिए भी महत्वपूर्ण स्थानों की निगरानी की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निकाला गया फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक पहुंचा।

इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और पुलिस की तैयारियों का जायजा लेना था। पुलिस ने पूजा पंडालों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों का भी निरीक्षण किया गया, ताकि पर्व के दौरान आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए।

फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक नगर और संबंधित थानों के प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों ने भी मार्च में हिस्सा लिया।

जिला प्रशासन ने पूजा समितियों को आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्राप्त करने और उन्हें सुरक्षित रखने को कहा है। बिना प्रमाण-पत्र के पंडालों को अनुमति नहीं देने की बात भी कही गई है। अग्निशमन उपकरणों, बिजली व्यवस्था, आपात निकास, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पर भी जोर दिया गया है। विधि-व्यवस्था की निगरानी और बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है।

पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों पर सफाई, पर्याप्त सुरक्षा बल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तैनाती पर भी जोर दिया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम