☰
×

दुर्गा पूजा में पहुंचे केकेआर के खिलाड़ी, पारंपरिक 'धुनुची नृत्य' में लिया हिस्सा

 

कोलकाता, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाड़ी राहुल त्रिपाठी और सौरभ दुबे शनिवार को कोलकाता स्थित इंडियन म्यूजियम पहुंचे। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों ने दुर्गा पूजा उत्सव का आनंद लिया। उन्होंने यहां आयोजित भव्य प्रदर्शनी को देखा और पारंपरिक 'धुनुची नृत्य' में भी हिस्सा लिया। धुनुची नृत्य दुर्गा पूजा के दौरान किया जाने वाला एक भक्तिपूर्ण नृत्य है। दोनों खिलाड़ियों ने कोलकाता की दुर्गा पूजा की भव्यता और यहां के उत्सवी माहौल का अनुभव किया।

राहुल ने कोलकाता की दुर्गा पूजा के खास माहौल और पंडालों की सजावट का जिक्र करते हुए बताया कि यहां आने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि दुर्गा पूजा का अनुभव बाकी आयोजनों से अलग है। पंडालों में अलग-अलग थीम और खास चीजें देखने को मिलती हैं, जो इस उत्सव को और भी आकर्षक बनाती हैं।

राहुल त्रिपाठी ने 'आईएएनएस' से बातचीत में कहा कि उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा, "मुझे यहां आकर बहुत ही अच्छा लग रहा है। मैंने कलकत्ता की दुर्गा पूजा के बारे में काफी सुना था। हमारा आईपीएल सीजन हमेशा मार्च, अप्रैल और मई में रहा है। यहां के लोग बोलते थे कि अगर आपने कलकत्ता की दुर्गा पूजा में नहीं देखी तो फिर क्या देखा... आज मुझे सच में इस बात का अहसास हुआ कि दुर्गा पूजा में एक अलग ही माहौल होता है। यहां विधि-विधान से पूजा हो रही है और जिस तरह से सभी पंडालों को सजाया जा रहा है। यहां सभी पंडाल में कोई न कोई आइकॉनिक चीज है या कोई न कोई थीम है।"

वहीं, सौरभ दुबे ने कहा, "हम यहां इंडियन म्यूजियम में दुर्गा पूजा उत्सव में आए हैं। यहां आकर बहुत ही अच्छा अनुभव है। जब से हमें पता चला कि हमें यहां बुलाया जा रहा है, तभी से काफी उत्साहित थे। हमें जिंदगी में एक न एक बार यहां आकर दुर्गा पूजा जरूर देखनी चाहिए। मन कर रहा कि मैं यहां दो-तीन दिन रुक जाऊं, लेकिन मेरे पास समय थोड़ा कम है।"

सौरभ ने भी इस आयोजन को शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि वह यहां कुछ दिन और रुकना चाहते हैं, लेकिन समय की कमी के कारण ऐसा कर पाना मुश्किल है।

--आईएएनएस

आरएसजी