दुनिया आगे बढ़ रही और कांग्रेस देश को 1980 के दशक में ले जाना चाहती है : सांसद नरेश बंसल
देहरादून, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता नरेश बंसल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किस सोच के तहत काम करती है, यह समझ से परे है। दुनिया आगे बढ़ रही है, लेकिन कांग्रेस देश को 1980 के दशक में ले जाना चाहती है।
बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की विपक्ष की मांग पर सांसद नरेश बंसल ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पहले कांग्रेस बूथ और मतपेटियां लूटा करती थी, अब ईवीएम को लूट नहीं पा रही है। बंसल ने कहा कि स्थानीय निकायों के चुनाव बैलेट पेपर से हुए हैं और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को हार मिली है।
उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव भी बैलेट पेपर से हुए, जहां 28 सीटों में बड़ी मुश्किल से कांग्रेस को एक सीट मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर जगह हार रही है, क्योंकि कांग्रेस दुनिया के मंच से और लोगों के मन से उतर चुकी है।
नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस के वर्तमान नेतृत्व की गतिविधियां जनता के हित में नहीं हैं, इसलिए जनता कांग्रेस से नफरत करने लगी है।
विपक्ष द्वारा मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने और 1 नवंबर को प्रस्तावित विपक्ष की रैली पर उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि राहुल गांधी लाल किले के सपने देख रहे हैं, क्योंकि संसद में उनकी कोई भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में होने वाली कई चर्चाओं में हिस्सा नहीं लेते। वहां वे न तो स्पीकर बन सकते हैं और न ही प्रधानमंत्री। बंसल ने कहा कि इसी वजह से राहुल गांधी 'मॉक पार्लियामेंट' के नाम पर ड्रामा कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी