×

दलीप ट्रॉफी फाइनल: कप्तान ईशान किशन ने जड़ा नाबाद शतक, पहले दिन मजबूत स्थिति में ईस्ट जोन

 

चेन्नई, 6 सितंबर (आईएएनएस)। ईस्ट जोन ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में शानदार शुरुआत की। इस टीम ने पहले दिन (रविवार) के खेल की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 385 रन बना लिए हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन को सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 88 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की। वैभव 37 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल रहे।

इसके बाद ईश्वरन ने शिखर मोहन के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। ईश्वरन 86 गेंदों में 1 छक्के और 10 चौकों के साथ 72 रन बनाकर आउट हुए।

टीम को 147 के स्कोर पर तीसरा झटका लग गया, जब सुदीप कुमार (6) अपना कैच मिलिंद को थमाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिखर मोहन के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।

शिखर ने 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 85 रन बनाए। इसके बाद ईशान ने कुमार कुशाग्र के साथ पांचवें विकेट के लिए 144 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 385 के स्कोर तक पहुंचा दिया। दिन की समाप्ति तक कप्तान ईशान 135 गेंदों में 15 बाउंड्री के साथ 111 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि कुशाग्र 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन बना चुके हैं। विपक्षी खेमे से चामा मिलिंद 2 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि त्रिपुरण विजय ने 1 विकेट निकाला है।

ईस्ट जोन की प्लेइंग इलेवन: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, शिखर मोहन, ईशान किशन (कप्तान/विकेट कीपर), मोहम्मद कौनैन कुरैशी, अनुकूल रॉय, मोहम्मद शमी, अभिजीत सरकार और मुकेश कुमार।

साउथ जोन की प्लेइंग इलेवन: रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद और एमडी निधिश।

--आईएएनएस

आरएसजी