×

दलीप ट्रॉफी फाइनल: अपना '100वां फर्स्ट क्लास' मैच खेलने उतरेंगे शमी, खिताबी मैच से पहले 'कैब' ने सम्मानित किया

 

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल रविवार से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जाना है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस मुकाबले में ईस्ट जोन की तरफ से उतरेंगे, जो उनका फर्स्ट क्लास करियर में 100वां मैच होगा। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) ने भारतीय तेज गेंदबाज को इस ऐतिहासिक मैच से पहले सम्मानित किया है।

कैब के कोषाध्यक्ष संजय दास ने मोहम्मद शमी को 'नंबर 100' वाली एक जर्सी भेंट की, जिस पर कैब अध्यक्ष और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के हस्ताक्षर थे। उन्हें गांगुली के हस्ताक्षर वाली एक गेंद और एक सिल्वर पट्टिका भी दी गई। साथ ही, इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए उन्होंने केक भी काटा।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने समारोह की तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, "चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार को होने वाले दलीप ट्रॉफी फाइनल में मोहम्मद शमी अपना 100वां फर्स्ट-क्लास मैच खेलेंगे। इस खास मौके पर, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के कोषाध्यक्ष संजय दास ने कैब अध्यक्ष सौरव गांगुली की ओर से शनिवार को चेन्नई में अनुभवी तेज गेंदबाज को सम्मानित किया। दास ने शमी को गांगुली के हस्ताक्षर वाली खास 'नंबर 100 बंगाल जर्सी', पूर्व भारतीय कप्तान के हस्ताक्षर वाली एक खास गेंद और एक सिल्वर पट्टिका भेंट की।"

इस बीच, शमी को उनकी ईस्ट जोन टीम के साथियों के हस्ताक्षर वाली जर्सी भी दी गई। इस दौरान कप्तान ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और मुकेश कुमार को 36 वर्षीय तेज गेंदबाज के साथ देखा गया। ईस्ट जोन टीम के सभी सदस्यों को मिठाई का एक डिब्बा भी मिला, जिसमें गांगुली का एक संदेश था।

कैब के अनुसार, संदेश में लिखा था, "आप फाइनल सिर्फ हिस्सा लेने के लिए नहीं खेलते; आप उसे जीतने के लिए खेलते हैं। आक्रामक खेलें, एक-दूसरे के लिए खेलें और ईस्ट जोन का मान बढ़ाएं। लड़कों, दलीप ट्रॉफी घर लाओ। शुभकामनाएं।"

--आईएएनएस

आरएसजी