☰
×

पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने से बढ़ा भारतीय उड़ानों का सफर, अब चीन के होतान रूट पर नजर

 

पाकिस्तान का एयरस्पेस भारतीय विमानों के लिए बंद होने का असर अब भी भारत से यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों पर पड़ रहा है। भारतीय एयरलाइंस को पाकिस्तान के ऊपर से जाने वाले सीधे रास्ते के बजाय लंबा वैकल्पिक रूट अपनाना पड़ रहा है। इससे कई उड़ानों का समय करीब 45 मिनट से लेकर 2 घंटे तक बढ़ गया है और ईंधन के साथ ऑपरेशनल खर्च भी बढ़ रहा है। 

चीन के होतान रूट पर चल रही बातचीत

इस समस्या के विकल्प के तौर पर भारत चीन के शिनजियांग क्षेत्र में स्थित होतान एयर रूट के इस्तेमाल की संभावना तलाश रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री के मुताबिक, इस मुद्दे पर भारत और चीन के बीच बातचीत चल रही है। अभी दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है और रूट को शुरू करने की कोई तय समयसीमा भी सामने नहीं आई है। Iप्रस्तावित रूट के तहत दिल्ली या मुंबई से उड़ानें लेह की ओर जाएंगी। इसके बाद विमान चीन के होतान के पास से उसके एयरस्पेस में प्रवेश कर किर्गिस्तान की ओर बढ़ेंगे और वहां से यूरोप, ब्रिटेन तथा उत्तरी अमेरिका के मौजूदा एयर रूट से जुड़ सकते हैं। इस रास्ते से पाकिस्तान के एयरस्पेस को पूरी तरह बायपास किया जा सकेगा।

45 मिनट से डेढ़ घंटे तक समय बचने का अनुमान

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की रिपोर्ट और उपलब्ध आकलनों के मुताबिक, होतान रूट का इस्तेमाल होने पर कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के समय में करीब 45 मिनट से डेढ़ घंटे तक की कमी आ सकती है। हालांकि, वास्तविक बचत उड़ान के गंतव्य, विमान और अंतिम रूप से तय किए जाने वाले एयर कॉरिडोर पर निर्भर करेगी। एयर इंडिया और अन्य भारतीय एयरलाइंस इस रूट की तकनीकी व्यवहार्यता को लेकर अध्ययन कर चुकी हैं। एयर इंडिया के कुछ वाइड-बॉडी विमान इस संभावित रूट पर उड़ान भरने में सक्षम बताए गए हैं। हालांकि, चीन की मंजूरी और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही यह कॉरिडोर व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल किया जा सकेगा। 

पाकिस्तान का एयरस्पेस क्यों हुआ बंद?

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने 24 अप्रैल 2025 को भारतीय एयरलाइंस और विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। इसके जवाब में भारत ने भी 30 अप्रैल 2025 से पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया। इसके बाद भारतीय एयरलाइंस को पश्चिमी देशों के लिए कई उड़ानों में लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है।लंबे रूट के कारण विमान ज्यादा समय तक हवा में रहते हैं, जिससे ईंधन की खपत और क्रू व विमान के ऑपरेशनल खर्च में बढ़ोतरी होती है। कुछ लंबे रूटों पर यात्रा समय में दो से तीन घंटे तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

एयर इंडिया को करीब 4 हजार करोड़ के नुकसान का अनुमान

पूर्व एयर इंडिया CEO कैंपबेल विल्सन ने 2025 में अनुमान लगाया था कि पाकिस्तान के एयरस्पेस बंद होने से एयर इंडिया को करीब 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। एयर इंडिया पर इसका असर इसलिए भी ज्यादा पड़ा क्योंकि दिल्ली और मुंबई से यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए उसकी बड़ी संख्या में लंबी दूरी की उड़ानें संचालित होती हैं।  फिलहाल भारत-चीन के बीच होतान एयर रूट को लेकर बातचीत जारी है। अगर दोनों देशों के बीच सहमति बनती है और जरूरी तकनीकी एवं सुरक्षा मंजूरियां मिलती हैं, तो यह भारतीय एयरलाइंस के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस का एक वैकल्पिक रास्ता बन सकता है।