दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग, वीडियो में जाने कार्गो कंपार्टमेंट से धुआं दिखने पर मचा हड़कंप; सभी 194 यात्री सुरक्षित
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट IGO1452 की सोमवार को गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से धुआं निकलने की आशंका के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और एहतियात के तौर पर राजकोट एयरपोर्ट पर विमान उतारने का फैसला लिया। फ्लाइट में पायलट और केबिन क्रू समेत 194 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दोपहर में घोषित की गई टोटल इमरजेंसी
राजकोट एयरपोर्ट के निदेशक दिगंत बोराह ने बताया कि विमान के कार्गो डिब्बे से धुआं निकलने की सूचना मिलने के बाद दोपहर 2:45 बजे 'टोटल इमरजेंसी' घोषित की गई। इसके बाद विमान ने दोपहर 3:27 बजे सुरक्षित रूप से राजकोट एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।उन्होंने कहा कि विमान में सवार सभी 194 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और पूरे घटनाक्रम के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।
एयरपोर्ट पर तुरंत पहुंची राहत और बचाव टीमें
इमरजेंसी की सूचना मिलते ही राजकोट नगर निगम की दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां और दो एम्बुलेंस एयरपोर्ट पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड के जवान, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे।इसके अलावा सीआईएसएफ, एयरपोर्ट पुलिस, स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर तैनात किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी जांच की ताकि किसी संभावित खतरे से इंकार किया जा सके।
दूसरे विमान से मुंबई भेजे गए यात्री
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया। बाद में सभी यात्रियों को दूसरे विमान से शाम करीब 7 बजे मुंबई रवाना किया गया, ताकि उनकी यात्रा पूरी कराई जा सके।इंडिगो की ओर से भी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आवश्यक सभी इंतजाम किए गए।
धुएं के कारणों की होगी जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्गो कंपार्टमेंट में धुआं किस कारण से दिखाई दिया। विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच करेंगी।इस घटना के बावजूद समय रहते पायलट की सतर्कता, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के समन्वय और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों को सुरक्षित निकाल लेने के बाद प्रशासन और एयरलाइन ने राहत की सांस ली।