पश्चिम बंगाल: दुबई से भारत लौटीं कोलकाता के मेयर की बेटी प्रियदर्शनी हकीम ने बताए वहां के हालात
कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम की बेटी प्रियदर्शनी हकीम बुधवार को दुबई से लौट आईं और उन्होंने वहां के हालात के बारे में बताया। प्रियदर्शनी हकीम ने कहा कि हम सऊदी अरब उमरा करने गए थे। हमको ज्यादा डर नहीं लगा। घर वाले फोन करके वापस आने को कहने लगे। संघर्ष बढ़ रहा था, घर वाले देख रहे थे कि दुबई, अबुधाबी पर हमला किया गया। सऊदी अरब की राजधानी पर हमला हुआ।
प्रियदर्शनी हकीम ने कहा कि मॉल और दुकान के सामने सेना की तैनाती कर दी गई। मैंने बहुत दूर से जाते हुए एक फाइटर प्लेन भी देखा। उन्होंने कहा कि एक फ्लाइट हम लोगों को मिल गई, तो आ गए। जब हम लोग वापस आ रहे थे, तो देखे एयर इंडिया और इंडिगो के क्रू मेंबर मौजूद थे। क्रू मेंबर हम लोगों के साथ फ्लाइट में वापस आ रहे थे। एयरपोर्ट बिल्कुल सूनसान था। कोई इंसान दिखाई नहीं दे रहा था। तीन घंटे में सिर्फ दो फ्लाइट टेकऑफ कर पाई। ये सब देखकर थोड़ा अजीब लग रहा था।
उन्होंने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। मेरे माता-पिता रोजा रखने के बाद भी एयरपोर्ट मुझे लेने पहुंच गए। हम लोगों को देखकर दौड़ पड़े। तब मुझे समझ आया कि लोग कितने डरे हुए थे। उन लोगों को मेरी कितनी फ्रिक्र हो रही थी। उन्होंने कहा कि ईरान में बच्चियों की मौत देखकर मेरी बेटी बहुत डर गई थी। वहां, मुझे कोलकाता के दो दोस्त मिले। मुझे टिकट मिला तो हमने उनको जानकारी दी, लेकिन तब तक सीट फुल हो गई थी। उन्होंने कहा कि मेरे कई दोस्त हैं, जो वहां फंसे हुए हैं। उन दोस्तों से मेरी बात हुई है। वो लोग भी वापस आने का प्रयास कर रहे हैं।
बता दें कि एक दिन पहले, मंगलवार को, अभिनेत्री सोनल चौहान दुबई से सुरक्षित भारत लौटीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वतन वापसी की खुशी जताई और पिछले कुछ दिनों के मुश्किल समय का जिक्र किया। सोनल ने इंस्टाग्राम पर किए पोस्ट में लिखा कि भारत वापस आकर वह बहुत शुक्रगुजार महसूस कर रही हैं। फैंस, दोस्तों और सभी लोगों के प्यार, दुआ और मैसेज के लिए उन्होंने दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि ये प्यार और समर्थन उनके लिए बहुत मायने रखता है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी