×

ड्रग्स मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई तेज, शहर के 13 ठिकानों पर छापेमारी

 

मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। ड्रग्स मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल की 10 टीमों ने शहर के विभिन्न 13 जगहों पर छापेमारी अभियान शुरू किया है, जिसमें आग्रिपाड़ा, बांद्रा, कोलाबा, पवई, घाटकोपर और मुंबई के अन्य इलाके शामिल हैं।

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की कांदिवली यूनिट ने मई में दक्षिण मुंबई के आग्रीपाड़ा इलाके में एक रिहाइशी इमारत के फ्लैट में चल रही अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 50.74 करोड़ रुपए मूल्य की मेफेड्रॉन ड्रग्स, हथियार और ड्रग्स बनाने का सामान जब्त किया था। इसी को लेकर मुंबई पुलिस की ओर से आगे की जांच और छापेमारी जारी है।

मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि एमडी ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला केमिकल ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाया गया था। 11 अलग-अलग कंपनियों के जरिए ड्रग्स बनाने वाले केमिकल ऑर्डर कर मंगाए गए थे। क्राइम ब्रांच जब आरोपियों द्वारा बताए गई कंपनियों के पते पर पहुंची, तो वह फर्जी निकला। आरोपियों द्वारा बताए गए पते पर ऐसी कोई कंपनी ही नहीं थी। इसी को लेकर क्राइम ब्रांच उस इलाके में लोगों से पूछताछ कर रही है।

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ लगातार की जा रही छापेमारी और कार्रवाई का एक दूसरा मामला गुरुवार को राजस्थान से सामने आया, जहां झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए 50 लाख रुपए की स्मैक और चरस बरामद की है। इसी के साथ झालावाड़ कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थ स्मैक एवं चरस की तस्करी करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान नरेश गुर्जर और मोर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनको 250 ग्राम के करीब अवैध मादक पदार्थ स्मैक सहित पकड़ने में सफलता अर्जित की है। वहीं, पुलिस की ओर से की गई दूसरी कार्रवाई में तांबे की खान ईदगाह रोड पर मादक पदार्थ तस्कर शाहरूख को 86 ग्राम के करीब चरस सहित गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता प्राप्त की है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम