दूसरा टेस्ट: श्रीलंका ने टॉस जीत चुनी बल्लेबाजी, वेस्टइंडीज का स्टार गेंदबाज बाहर
एंटीगुआ, 3 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहला टेस्ट गंवाकर सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है।
श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने टॉस जीतकर कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। विकेट पिछली बार से ज्यादा सूखा लग रहा है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश होगी। इंजरी की वजह से इस टेस्ट में हम तीन बदलावों के साथ उतर रहे हैं।"
वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने कहा, "मैं इस फैसले से काफी खुश हूं। हमने गेंदबाजी का ही सोचा था। पिच पर पहले टेस्ट के मुकाबले थोड़ी ज्यादा घास है, इसलिए हम पहले गेंदबाजी करके खुश हैं। टीम में 2 बदलाव हैं। जोशुआ डा सिल्वा की जगह शे होप वापस आ गए हैं। वही विकेटकीपिंग करेंगे। केमार रोच को थोड़ी हैमस्ट्रिंग में दिक्कत है, इसलिए सावधानी के तौर पर, हम उनकी जगह एंडरसन फिलिप को लाए हैं। हम एक निरंतर टेस्ट खेलने वाला देश बनना चाहते हैं। हम पहले टेस्ट के बाद बस अपनी उपलब्धियों पर नहीं गिरना चाहते। हम यहां वापस आकर दिखाना चाहते हैं कि हम इस तरह के गेम दोहरा सकते हैं। इसलिए हम इस मैच में भी उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।"
केमार रोच का बाहर होना वेस्टइंडीज के लिए झटका है। रोच ने पिछले मैच में 6 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
पहला टेस्ट पारी और 217 रन से हारने वाली श्रीलंका दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाना चाहेगी, ताकि दूसरी पारी में वेस्टइंडीज पर दबाव बनाया जा सके।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: निशान मदुश्का, लाहिरू उदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सोनल दिनुशा, मिलन प्रियनाथ रथनायके, इसिता विजेसुंदर, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: जॉन कैम्पबेल, ब्रैंडन किंग, कावेम हॉज, आमिर जांगू, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेस (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जेडन सील्स, एंडरसन फिलिप।
--आईएएनएस
पीएके