☰
×

दूसरा टेस्ट: निर्णायक मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, गुरनूर बरार को डेब्यू का मौका

 

क्राइस्टचर्च, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने हेगले ओवल में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे और निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव किया गया है। प्रसिद्ध कृष्णा के स्थान पर दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। वहीं, कीवी टीम में कोई फेरबदल नहीं है। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीरीज भी अपने नाम कर लेगी।

टी20 सीरीज 3-2 से जीतने के बाद भारत ने पांच मुकाबलों की वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच वेलिंग्टन में खेला गया टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था। भारत 2009 के बाद न्यूजीलैंड में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतना चाहेगा, जबकि मेजबान टीम अपने घरेलू हालात का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, वहीं स्टार स्पिन-ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी इस मैच से बाहर हैं।

क्राइस्टचर्च में शुक्रवार को टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हमारे खिलाड़ी काफी तरोताजा महसूस कर रहे हैं। वे खेलने के लिए तैयार हैं। वेलिंग्टन में हमने अपनी सभी योजनाएं अच्छे से लागू कीं। हमने अपनी ज्यादातर योजनाओं पर सही ढंग से अमल किया। प्रसिद्ध (कृष्णा) की जगह गुरनूर बरार अपना डेब्यू कर रहे हैं।"

वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कहा, "हम भी पहले गेंदबाजी ही करने वाले थे। पहले दिन हैगली की पिच थोड़ी धीमी हो सकती है। उम्मीद है कि हम पहले घंटे में अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। पहले दिन पिच में थोड़ी नमी हो सकती है, लेकिन बाद में यह बेहतर होती जाएगी। जब हम दबाव में थे, तब अलग-अलग खिलाड़ियों ने आगे आकर जिम्मेदारी संभाली। टीम में कोई बदलाव नहीं है, वही 11 खिलाड़ी खेलेंगे।"

भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।

--आईएएनएस

आरएसजी