☰
×

दूसरा टी20: फिल-डोनाल्ड के बीच 151 रन की साझेदारी, ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में बराबरी पर इंग्लैंड

 

क्वींसलैंड, 24 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैरारा ओवल में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।

ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज का पहला मैच 3 विकेट से अपने नाम किया था। अब सीरीज के शेष तीन मैच 27 नवंबर (ब्रिस्बेन), 29 नवंबर (सिडनी) और 2 दिसंबर (कैनबरा) को खेले जाने हैं।

क्वींसलैंड में मंगलवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 8 विकेट खोकर 184 रन बनाए। इस टीम को 17 के स्कोर पर पहला झटका लग गया था। कप्तान मिचेल मार्श 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सैम हार्पर ने फ्रेजर-मैकगर्क के साथ दूसरे विकेट के लिए 14 गेंदों में 28 रन जोड़े।

पांचवें ओवर की पहली गेंद पर टीम को मैकगर्क के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद इसी ओवर की तीसरी गेंद पर सैम हार्पर (3) भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद 58 के स्कोर तक टीम ने टिम डेविड (6) का विकेट भी गंवा दिया।

यहां से निखिल चौधरी (45) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लैकलन शॉ (10) के साथ पांचवें विकेट के लिए 26 रन, जबकि जोएल डेविस (39) के साथ छठे विकेट के लिए 35 गेंदों में 49 रन की साझेदारी की। इसके बाद डेविस ने जैक एडवर्ड्स (18) के साथ सातवें विकेट के लिए 13 गेंदों में 31 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से हेनरी क्रोकॉम और सैम करन ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में इंग्लैंड ने महज 13.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम को फिल साल्ट और एन्यूरिन डोनाल्ड की सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 10.1 ओवरों में 151 रन जोड़े। डोनाल्ड 85 रन बनाकर आउट हुए, 32 गेंदों की उनकी इस पारी में 9 छक्के और 4 चौके शामिल थे।

इसके कुछ देर बाद फिल साल्ट भी आउट हो गए, जिन्होंने 30 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 58 रन बनाए। यहां से टॉम बैंटन (नाबाद 26) ने कप्तान हैरी ब्रूक (नाबाद 10) के साथ तीसरे विकेट के लिए 12 गेंदों में 30 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से राइली मेरेडिथ और बेन ड्वारशुइस को 1-1 विकेट हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी