☰
×

डीएमके और एनसीपी (एसपी) से कांग्रेस की अपील, लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में साथ आएं

 

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद वामसी कृष्णा गड्डम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रस्तावित विधेयक को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इंडी गठबंधन की एकजुटता का आह्वान करते हुए डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से विधेयक के विरोध में साथ आने की अपील की है।

कांग्रेस सांसद वामसी कृष्णा गड्डम ने परिसीमन विधेयक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखकर ऐसा लग रहा है, मानो देश लोकतंत्र का आखिरी दिन देख रहा हो। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन विधेयक के नाम पर ऐसा प्रस्ताव लेकर आई है, जो वास्तव में लोकतंत्र को कमजोर करने वाला है। उन्होंने इसे परिसीमन विधेयक के बजाय भारत के लिए 'तानाशाही विधेयक' करार दिया।

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राज्यों की राजनीति में अलग-अलग दलों के बीच मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन देश के लोकतंत्र और भविष्य को देखते हुए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश की राजनीति में चंद्रबाबू नायडू और जगन मोहन रेड्डी के बीच राजनीतिक मतभेद रहे हैं, लेकिन वे इस विधेयक के समर्थन में एक मंच पर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय और डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन परिसीमन विधेयक के विरोध में एक साथ क्यों नहीं आ सकते?

प्रतापगढ़ी ने कहा कि डीएमके की राजनीति हमेशा भाजपा की नफरत की राजनीति के विरोध में रही है। इसी तरह शरद पवार की राजनीति भी भाजपा की विचारधारा के खिलाफ रही है। इसलिए देश और लोकतंत्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सभी नेताओं को एकजुट होकर इस विधेयक का विरोध करना चाहिए।

इंडी गठबंधन के नेताओं और एमके स्टालिन के बीच हुई मुलाकात पर प्रतापगढ़ी ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने लोकतंत्र को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है।

उन्होंने विशेष रूप से राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे देश के राजनीतिक नक्शे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए स्वयं चेन्नई पहुंचे। प्रतापगढ़ी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीतिक जरूरतों के अनुसार देश का राजनीतिक नक्शा बदलना चाहती है।

उन्होंने कहा कि परिणाम चाहे जो भी हो, कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने स्टालिन से संपर्क किया है और यदि वे इस लड़ाई में साथ आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा।

प्रतापगढ़ी ने कहा कि तमिलनाडु, महाराष्ट्र और पूरा देश इस राजनीतिक घटनाक्रम को देख रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विपक्षी दल परिसीमन विधेयक के खिलाफ कितनी मजबूती से एकजुट हो पाते हैं।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी