×

VVIP सुरक्षा में खलबली: फर्जी PMO अफसर बनकर घूम रहा था शख्स, हथियारबंद गार्ड भी साथ

 

मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले सुरक्षा एजेंसियों ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामला BKC स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) का है। यहां 24 वर्षीय युवक कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताकर पहुंचा था। उसके साथ एक निजी बॉडीगार्ड भी था, जिसके पास से लोडेड पिस्टल बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 5:45 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं। इस आयोजन का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है।

फर्जी PMO ID से अधिकारी बनने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान रोहन पारेख (24) के तौर पर हुई है। वह NMACC परिसर में खुद को PMO का वरिष्ठ अधिकारी बताकर घूम रहा था। उसकी गतिविधियों पर सुरक्षा अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई।

सुरक्षा जांच के दौरान रोहन ने अपनी पहचान साबित करने के लिए PMO का आईडी कार्ड दिखाया। जांच में यह पहचान पत्र फर्जी पाए जाने का दावा किया गया है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

बॉडीगार्ड के पास मिली भरी हुई पिस्टल

रोहन के साथ मौजूद निजी अंगरक्षक की भी तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई। हथियार मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

फर्जी पहचान के साथ NMACC तक कैसे पहुंचा?

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि फर्जी PMO पहचान पत्र के साथ युवक कार्यक्रम स्थल के परिसर तक कैसे पहुंच गया।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि युवक ने इस फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल पहले भी कहीं किया था या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसे फर्जी कार्ड किसने उपलब्ध कराया और NMACC परिसर में पहुंचने के पीछे उसका असली मकसद क्या था।

8 से 11 सितंबर तक आयोजित हो रहा GFF 2026

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट पिछले कुछ वर्षों में वित्तीय तकनीक से जुड़े प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंचों में शामिल हुआ है। यहां नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक और टेक कंपनियों से जुड़े विशेषज्ञ वित्तीय क्षेत्र के भविष्य पर चर्चा करते हैं।

GFF 2026 में नीति, नियमन, तकनीक, पूंजी और उद्योग से जुड़े कई प्रमुख लोग एक मंच पर जुट रहे हैं। आयोजन के जरिए डिजिटल पेमेंट, वित्तीय समावेशन और भारत की फिनटेक क्षमता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।