×

दिशा सालियान की मौत के मामले में आज फैसला सुनाएगा बॉम्बे हाईकोर्ट

 

मुंबई, 2 सितंबर (आईएएनएस)। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट बुधवार को अपना फैसला सुनाएगा। कोर्ट में सुनवाई पूरी हो चुकी है और फैसला सुरक्षित रखा गया था। बुधवार सुबह 11 बजे कोर्ट अपना आदेश सुनाएगा।

यह मामला दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान द्वारा दायर की गई याचिका से जुड़ा है। उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एफआईआर दर्ज करने और नए सिरे से जांच की मांग की है। उनकी मांग है कि इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।

इससे पहले 28 अगस्त को इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हुई थी। सतीश सालियान की ओर से एफआईआर दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

सतीश सालियान ने अपनी याचिका में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनकी बेटी दिशा के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या की गई है। इसी आधार पर उन्होंने केस दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून 2020 को मुंबई के मालाड इलाके में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरकर उनकी मौत हो गई थी। उस समय मुंबई पुलिस ने इस घटना को आत्महत्या माना था और एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी।

हालांकि, दिशा के पिता इस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या और सामूहिक दुष्कर्म का मामला है। उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर सीबीआई या एनआईए जैसी एजेंसी से जांच कराई जाए।

अब सबकी नजर बुधवार को आने वाले बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले पर है कि कोर्ट एफआईआर और नई जांच को लेकर क्या आदेश देता है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम