जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच डिंपल यादव पुलिस से भिड़ीं, बैरिकेडिंग पर चढ़ीं; फुटेज में देंखे लाठीचार्ज में घायल प्रदर्शनकारियों से मिलीं, दो घंटे हिरासत में रहीं
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव का अलग ही अंदाज देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचीं डिंपल यादव पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तक पहुंच गईं और आगे बढ़ने की कोशिश में पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान वह बैरिकेडिंग पर भी चढ़ गईं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच हुई झड़प तथा लाठीचार्ज में कई लोग घायल हो गए। डिंपल यादव ने मौके पर मौजूद घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। कई घायल प्रदर्शनकारियों की आंखों से आंसू पोंछते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिंपल यादव ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ बल प्रयोग का विरोध किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी नागरिकों को है और विरोध-प्रदर्शन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास उचित नहीं है।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने डिंपल यादव समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक, उन्हें करीब दो घंटे तक हिरासत में रखा गया। बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
इस दौरान जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। संसद मार्ग की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी, जिसके चलते कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
डिंपल यादव की प्रदर्शन में सक्रिय मौजूदगी और पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर भी इस घटनाक्रम को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।