दिल्ली-एनसीआर में मौसम मेहरबान: हल्की से मध्यम बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी
नोएडा, 5 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए बुधवार का दिन मौसम के लिहाज से राहत भरा रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 5 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी, हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने के कारण उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 5 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 85 से 70 प्रतिशत के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने दिनभर आम तौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश, पूर्वाह्न में भी हल्की से मध्यम बारिश, जबकि रात के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा, जिससे लोगों को तेज धूप और लू जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उमस महसूस होगी, जिससे लोगों को असहजता हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, 6 अगस्त को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि इस दिन किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। 7 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन भी कोई चेतावनी नहीं है। 8 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 9 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 80 से 60 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। इस दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 10 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 80 से 60 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि आने वाले कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मानसून सक्रिय रहेगा। रुक-रुक कर होने वाली बारिश लोगों को भीषण गर्मी से राहत देगी, लेकिन बढ़ी हुई नमी के कारण उमस बनी रह सकती है।
आईएएनएस
पीकेटी/एएस