☰
×

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के चलते 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, डीएमआरसी ने जारी की एडवाइजरी

 

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शनों के ऐलान के चलते मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने आधिकारिक अपडेट जारी करते हुए बताया है कि सुरक्षा कारणों से आज 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दी गई है।

डीएमआरसी की ओर से जारी सर्विस अपडेट के अनुसार, अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी। जिन मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली स्टेशन शामिल हैं।

ये सभी स्टेशन नई दिल्ली जिले और सेंट्रल दिल्ली के बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाकों में आते हैं। इन स्टेशनों के बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि, डीएमआरसी ने यात्रियों को राहत देते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि चार प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन पर बदल सकेंगे, लेकिन इन स्टेशनों से बाहर नहीं निकल पाएंगे और न ही इन स्टेशनों में प्रवेश कर पाएंगे।

बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कई संगठनों द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का फैसला भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर जारी अपडेट्स को जरूर चेक कर लें, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस