×

दिल्ली : सीएम रेखा गुप्ता ने किया ‘जन-जन जागे, कैंसर भागे’ अभियान का शुभारंभ

 

नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा भारती से संबद्ध 'समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट' द्वारा आयोजित ‘जन-जन जागे, कैंसर भागे’ जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट कुष्ठ रोगियों, दीन-दुखियों एवं असहायों की सेवा में समर्पित एक सामाजिक संगठन है, जो स्वास्थ्य, सेवा और मानवीय संवेदनाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के महत्व को समझाना तथा यह संदेश देना रहा कि सही जानकारी, जागरूकता और जीवनशैली में सुधार से कैंसर की रोकथाम एवं समय रहते उपचार संभव है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं प्रारंभिक लक्षणों को अनदेखा न करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रेसिडेंट रवि प्रकाश ने सभी को इस कार्यक्रम के बारे में बताया और आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए सब का धन्यवाद किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक, प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। संस्था ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वर्ल्ड कैंसर दिवस पर 'जन जन जागे, कैंसर भागे' अभियान में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव के साथ सहभागिता कर अपने विचार साझा किए। समर्पण फाउंडेशन की यह पहल जागरूकता को जनआंदोलन में बदलने की सशक्त दिशा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कैंसर की समय पर पहचान और सुलभ उपचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस बार के बजट में कैंसर उपचार से जुड़ी 17 महत्वपूर्ण दवाइयों के दाम कम किए गए हैं। दिल्ली में हमारी सरकार द्वारा आयुष्मान भारत और वय वंदना जैसी योजनाओं के साथ कैंसर स्क्रीनिंग सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को उपचार में ठोस सहारा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि इस बीमारी से साहसपूर्वक लड़ रहे सभी योद्धाओं को नमन।

--आईएएनएस

एमएस/