☰
×

दिल्ली अक्षरधाम में भव्य अन्नकूट का आयोजन, भगवान को अर्पित किए गए 1,256 शुद्ध सात्विक व्यंजन

 

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान के समक्ष 1,256 शुद्ध सात्विक शाकाहारी व्यंजनों का भव्य अन्नकूट भोग अर्पित किया गया।

अन्नकूट का अर्थ है 'अन्न का पर्वत।' यह उत्सव भगवान द्वारा प्रदत्त अन्न, द्रव्य, धन आदि की हमें प्राप्ति हुई है, इसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में आज के दिन से नए वर्ष का भी शुभारंभ होता है।

उत्सव की शुरुआत्त प्रातः 11 बजे वैदिक षोडशोपचार विधि से श्री गोवर्धन पूजा के साथ हुई। मंदिर प्रांगण में ही गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक प्रतिकृति बनाई गई थी, जिसमें गोवर्धन पर्वत की शिला-मिटटी भी सम्मिलित की गई थी। पूजन संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे अन्नकूट दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसका देशभर से आए हजारों भक्तों ने लाभ लिया।

इस अन्नकूट भोग में घेवर, लड्डू, पेड़ा और हलवा जैसी पारंपरिक भारतीय मिठाइयां, सेव-मठरी जैसे नमकीन, विविध सब्जियां, दालें, चावल के पकवान, फल, विभिन्न पेय रस और आधुनिक बेकरी उत्पाद शामिल थे। हर व्यंजन को कलात्मक ढंग से सजाया गया था।

इस अवसर पर दिल्ली अक्षरधाम के मुख्य कार्यवाहक संत मुनिवत्सल दास स्वामीजी ने कहा कि भगवान स्वामिनारायण के समय से चली आ रही दिव्य परंपरा का निर्वहन करते हुए बीएपीएस स्वामिनारायण संस्था विश्व भर के 1,800 से अधिक मंदिरों में अपार भक्ति और एकता के साथ अन्नकूट मनाती है। यह सैकड़ों स्वयंसेवकों की अथक सेवा और भक्तिमय सामुदायिक जीवन की भावना का प्रतीक है।

परम पूज्य महंतस्वामी महाराज ने अपने संदेश में सभी अनुयायियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए तन, मन, धन से सुखी रहने का आशीर्वाद दिया और साथ ही इष्टनिष्ठा, गुरुनिष्ठा, सिद्धांतनिष्ठा, धर्मनिष्ठा और एकनिष्ठा के पंचामृत से सभी का जीवन धन्य बने ऐसी प्रार्थना की।

इस आयोजन के निमित्त पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रंगोलियों, जगमगाते दीपों और पुष्पों-तोरणों से सजाया गया था। दर्शन के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।

--आईएएनएस

एमएस/